Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एएनएम, जीएनएम, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और अन्य चिकित्सकों के रिक्त पदों को जल्द भरने का निर्देश दिया। साथ ही गर्भवती महिलाओं को एम्बुलेंस सेवा में हो रही परेशानियों पर चिंता जताते हुए ओला-उबर की तर्ज पर राज्यव्यापी एम्बुलेंस नेटवर्क की कार्ययोजना एक सप्ताह में प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में रेफरल सिस्टम का ऑडिट, अस्पतालों की साफ-सफाई और रखरखाव की नियमित मॉनिटरिंग तथा पूरे राज्य में आई-चेकअप कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत से जुड़े अस्पतालों के ऑडिट, ABHA कार्ड अभियान को स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाने तथा आधुनिक मेडिकल तकनीकों के अध्ययन के बाद नई कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में UG और PG सीटें बढ़ाने, ब्लड सेपरेशन यूनिट स्थापित करने, ऑर्गन डोनेशन को बढ़ावा देने और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुलभ, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए विभाग तेजी से काम करे।