Breaking News

धर्म बदलने के साथ आरक्षण खत्म, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ‘कानून सबके लिए बराबर, पीड़ितों के साथ खड़े होना क्या गलत: सचिन पायलट     |   'PDA की हवा निकली, इनके समय में विकास नहीं हुआ', मिर्जापुर में बोले CM योगी     |   पाकिस्तान में गिरी स्कूल की छत, मारे गए 17 छात्र, एक टीचर की भी मौत     |   दिल्ली पुलिस ने बस में मारपीट के मामले में NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की     |  

दशहरा-दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी में जुटी योगी सरकार, सुरक्षा और मेंटेनेंस पर जोर

दशहरा और दीपावली समेत आगामी त्योहारों पर उत्तर प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने, उपकरणों का रखरखाव करने और विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।

योगी सरकार का लक्ष्य है कि त्योहारों के दौरान गांवों से लेकर महानगरों तक घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी रहे। इसके लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को दिन के साथ रात में भी आपूर्ति की निगरानी करने और तकनीकी खराबियों को समय पर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

रामलीला स्थलों और शोभायात्रा मार्गों पर विशेष अभियान

त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग विशेष अभियान चला रहा है। इसके तहत रामलीला स्थलों, दशहरा मेलों, शोभायात्राओं और विसर्जन यात्राओं के रास्तों पर ढीले या झूलते बिजली के तारों और झुके हुए खंभों को ठीक कराया जाएगा।

इसके अलावा ट्रांसफार्मरों की सुरक्षित घेराबंदी और बिजली के उपकरणों को सुरक्षा मानकों के अनुसार दुरुस्त रखने पर जोर दिया जा रहा है। इससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा कम किया जा सकेगा।

सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत बिजली नेटवर्क की मरम्मत

प्रदेश में बिजली व्यवस्था को मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत अनुरक्षण कार्य किए जा रहे हैं। यूपीपीसीएल की टीमें बिजली के उपकरणों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत नेटवर्क की जांच और जरूरी मरम्मत में जुटी हैं।

विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों से पहले जरूरी रखरखाव के काम पूरे कर लिए जाएं। संभावित तकनीकी खामियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

बिजली सुरक्षा के लिए उपभोक्ताओं से भी अपील

बिजली विभाग ने लोगों से त्योहारों पर घरों और बाजारों में सजावट करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। विभाग के अनुसार:

  • सजावट के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली लाइट्स और बिजली के तारों का इस्तेमाल करें।

  • एक ही कनेक्शन पर जरूरत से ज्यादा बिजली का भार न डालें।

  • खराब कनेक्शन और क्षतिग्रस्त तारों को नजरअंदाज न करें।

  • बिजली से जुड़ी मरम्मत का काम प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन से ही कराएं।

त्योहारों पर बिजली आपूर्ति प्राथमिकता: यूपीपीसीएल एमडी

यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप दशहरा, दीपावली और अन्य त्योहारों पर निर्बाध, सुरक्षित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने और दिन-रात बिजली आपूर्ति की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।