उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला रही है। लखनऊ में बाढ़ का पानी उतरने के बाद नगर निगम ने जोन-3 और जोन-6 में सफाई अभियान तेज कर दिया है। प्रभावित इलाकों में गाद और कूड़ा हटाने के साथ ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि मच्छरों के प्रजनन और संक्रमण का खतरा कम किया जा सके।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गाद हटाने, कूड़ा उठाने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित नागरिकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और सफाई कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
9 सेक्टर और 31 सब-सेक्टर में निगरानी

नगर निगम ने राहत और सफाई कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों को नौ सेक्टर और 31 सब-सेक्टर में बांटा है। जोन-3 में पांच सेक्टर और 21 सब-सेक्टर बनाए गए हैं। यहां 39 बीट कर्मियों सहित करीब 350 कर्मचारी तैनात हैं।

वहीं, जोन-6 में चार सेक्टर और 10 सब-सेक्टर के तहत 60 बीट में कामकाज की निगरानी की जा रही है। इस जोन में करीब 550 कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि बुधवार को 300 से अधिक कर्मचारी विभिन्न कार्यों में लगाए गए।
ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव, गाद भी हटाई जा रही

जोन-3 के नंदा फॉर्म, संत कबीर नगर, मिल्लत नगर, पुराना दाउद नगर, कैलाश विहार, पवन विहार और लौहरामऊ समेत कई इलाकों में तीन ड्रोन की मदद से एंटी लार्वा छिड़काव कराया गया। इसके अलावा छह टैंकरों से सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव किया गया।

गणेश विहार, नंदा फॉर्म और दाउद नगर में गाद हटाने, झाड़ियों की कटाई और कूड़ा उठाने का काम जारी है। जोन-6 के सैंथा, हयातनगर, गुलमी खेड़ा, दौलत खेड़ा और टांड खेड़ा समेत अन्य मोहल्लों में भी छिड़काव और गाद निकालने का अभियान चलाया जा रहा है।
सफाई, पेयजल और जलनिकासी की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन

बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने सफाई, पेयजल और जलनिकासी संबंधी शिकायतों के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
-
सफाई संबंधी शिकायतें: 8808837500, 6389923234, 9219902911, 9219902912
-
पेयजल एवं सेप्टिक टैंक संबंधी शिकायतें: 9451831593, 9889806396, 9454508087, 7991332892
-
जलनिकासी संबंधी शिकायतें: 8810721631, 6389923231, 9219902913, 9219902914

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, पेयजल या जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी संबंधित हेल्पलाइन पर दें। इससे शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने और प्रभावित इलाकों में स्वच्छता बहाल करने में मदद मिलेगी। योगी सरकार का जोर बाढ़ के बाद संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को कम करने के साथ जनजीवन सामान्य बनाने पर है।