उत्तर प्रदेश में लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहे वनटांगिया और मुसहर समुदाय के परिवारों की स्थिति में बदलाव लाने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कभी बुनियादी सुविधाओं से भी दूर रहने वाले इन परिवारों को अब विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
ब्रिटिश काल से उपेक्षित रहे 7 हजार से अधिक वनटांगिया परिवार और अभावों में जीवन बिताने वाले करीब 30 हजार मुसहर परिवार लंबे समय तक बिजली, पेयजल, पक्के मकान और राशन कार्ड जैसी सुविधाओं से वंचित रहे। इनके गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिलने के कारण नागरिक और जमीन से जुड़े अधिकारों को लेकर भी कई समस्याएं थीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इन समुदायों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं। इसके साथ ही आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
बुनियादी जरूरतों के साथ बढ़ा सामाजिक जुड़ाव
जिन बस्तियों में कभी बिजली, पानी और पक्के मकान जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, वहां अब इन जरूरतों को पूरा करने की दिशा में काम हुआ है। राशन कार्ड और सरकारी व्यवस्था से जुड़ने के अवसर भी बढ़े हैं।
राजस्व ग्राम की मान्यता नहीं होने से जिन परिवारों को नागरिक और भूमि अधिकारों से जुड़ी परेशानियां झेलनी पड़ती थीं, उन्हें भी व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इससे इन समुदायों को सुविधाओं के साथ सामाजिक पहचान और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
आजीविका मिशन से स्वरोजगार को मिल रहा बढ़ावा
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन वनटांगिया और मुसहर समुदाय के आर्थिक सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसका उद्देश्य इन परिवारों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार और आय के स्थायी साधनों से जोड़ना है।
महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है। वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास और स्वरोजगार पर जोर देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है। इससे महिलाएं परिवार की आमदनी बढ़ाने के साथ आर्थिक फैसलों में भी अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं।
पारंपरिक कौशल को बनाया जा रहा आजीविका का आधार
सरकार की कोशिश है कि इन समुदायों के पारंपरिक हुनर और स्थानीय संसाधनों को रोजगार के अवसरों में बदला जाए। आजीविका मिशन के जरिए परिवारों को उनकी क्षमता के अनुसार आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और कौशल को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। इस पहल से उन बस्तियों तक भी विकास और रोजगार के अवसर पहुंचाने का प्रयास हो रहा है, जहां पहले सरकारी योजनाओं का लाभ सीमित था।
उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि वंचित समुदायों के पारंपरिक कौशल को व्यावसायिक पहचान देने और उनके उत्पादों को ब्रांड के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को बाजार की मांग से जोड़ना और उनकी गुणवत्ता व पहचान बेहतर करना जरूरी है। इससे उत्पादों की बिक्री के अवसर बढ़ेंगे और परिवारों के लिए आय के नए रास्ते खुल सकेंगे। मिशन के माध्यम से परिवारों की क्षमता और हुनर को विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़े और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो।
आर्थिक मजबूती के साथ सम्मानजनक जीवन का लक्ष्य
वनटांगिया और मुसहर समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल आर्थिक सहायता से आगे बढ़कर सामाजिक सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को संगठित कर उनकी क्षमता के अनुसार काम करने के अवसर दिए जा रहे हैं।
योगी सरकार का लक्ष्य है कि लंबे समय तक विकास से दूर रहे इन परिवारों को बुनियादी सुविधाओं, रोजगार, वित्तीय जागरूकता और बाजार से जोड़कर स्थायी आर्थिक मजबूती दी जाए। इससे परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य की राह भी तैयार होगी।