उत्तर प्रदेश में बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार कुपोषण के खिलाफ लगातार कदम उठा रही है। इसी दिशा में देवीपाटन मंडल ने स्थानीय खानपान की परंपराओं को आधुनिक पोषण व्यवस्था से जोड़ते हुए ‘परंपरा से पोषण’ अभियान शुरू किया है।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर शुरू इस अभियान में बच्चों की उम्र और पोषण की जरूरत के अनुसार विशेष किट तैयार की गई है। इसमें पारंपरिक खाद्य पदार्थों के साथ पोषाहार और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सामग्री भी रखी गई है। देवीपाटन प्रदेश का पहला मंडल है, जहां इस तरह की पहल की गई है।
अभियान के तहत 1 से 6 वर्ष तक के 10,842 पंजीकृत गंभीर और मध्यम कुपोषित बच्चों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके लिए सीएसआर फंड से लगभग 55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक पोषण किट के लिए 500 रुपये का सीएसआर सहयोग दिया जा रहा है।
देसी रसोई के ज्ञान से कुपोषण पर प्रहार
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण सुधार को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी सोच के तहत स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक भोजन और विभिन्न विभागों के सहयोग से यह अभियान तैयार किया गया है।
‘परंपरा से पोषण’ की सोच ‘अन्नं ब्रह्म’ की भावना पर आधारित है। किट में लोहे की कढ़ाई, एक किलो सत्तू और एक किलो गुड़ शामिल किया गया है। लोहे की कढ़ाई में खाना बनाने से भोजन में आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इस पारंपरिक तरीके को एनीमिया और पोषण की कमी से निपटने के प्रयासों से जोड़ा गया है।
तीन हिस्सों में तैयार की गई पोषण किट
बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किट को तीन भागों में बांटा गया है। पहले हिस्से में पारंपरिक खाद्य सामग्री के तौर पर लोहे की कढ़ाई, सत्तू और गुड़ दिया जा रहा है। दूसरे हिस्से में बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) के माध्यम से उम्र के हिसाब से फोर्टिफाइड टेक होम राशन प्रीमिक्स उपलब्ध कराया जाएगा।
तीसरे हिस्से में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओआरएस-जिंक, आयरन-फोलिक एसिड और विटामिन डी-3 की गोलियां शामिल की गई हैं। इस तरह किट में भोजन, पोषाहार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को एक साथ पूरा करने का प्रयास किया गया है।
गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए अलग पोषण व्यवस्था
अभियान में गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए ‘सम्पूर्ण मातृ आहार’ के तहत आटा, बेसन और सोया बर्फी प्रीमिक्स के साथ दलिया-मूंग दाल खिचड़ी प्रीमिक्स उपलब्ध कराया जा रहा है।
6 से 12 महीने के बच्चों के लिए ‘शिशु अमृत’ और ‘आरोग्य पोषण’ के तहत सामान्य और ऊर्जा युक्त पोषाहार की व्यवस्था है। इसमें आटा-बेसन हलवा प्रीमिक्स और ऊर्जा युक्त हलवा प्रीमिक्स शामिल हैं।
1 से 3 वर्ष के बच्चों को ‘शिशु आहार’ और ‘बाल संजीवनी’ के तहत पोषण सामग्री दी जाएगी। वहीं, 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए ‘बाल पुष्टाहार’ और ‘सक्षम पोषण’ की व्यवस्था की गई है।
सामान्य श्रेणी के बच्चों को आटा-बेसन बर्फी और दलिया-मूंग दाल खिचड़ी प्रीमिक्स मिलेगा। अधिक पोषण जरूरत वाले बच्चों के लिए ऊर्जा युक्त हलवा और दलिया उपलब्ध कराया जाएगा।
जांच के बाद ही वितरित होगी किट
अभियान में सही बच्चों तक सहायता पहुंचाने और वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पांच चरणों की प्रक्रिया तय की गई है। सबसे पहले पोषण ट्रैकर पर दर्ज 1 से 6 वर्ष के बच्चों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय पोषण पुनर्वास केंद्र और स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड से जानकारी का मिलान होगा।
पहले चरण में जिला मुख्यालयों पर पोषण किट वितरित की जाएंगी। इसके बाद विकासखंड स्तर पर सत्यापित बच्चों को किट दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में बच्चों की पहचान और पात्रता की जांच पर ध्यान दिया जाएगा, ताकि पोषण सामग्री जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सके।