Breaking News

प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा नदी में डुबकी     |   महाराष्ट्र में अज्ञात व्यक्ति ने दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके     |   दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 201 दर्ज     |   काशी में मनाई जाएगी देव दीपावली, गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे     |   कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर होगी दूसरे दौर की वार्ता     |  

निपुण विद्यालय आकलन से परखी जाएगी शिक्षा की गुणवत्ता, योगी सरकार ने तेज कीं तैयारियां

उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई का स्तर जांचने के लिए निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 कराया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों की भाषा और गणित से जुड़ी बुनियादी क्षमताओं को परखा जाएगा। योगी सरकार ने इस प्रक्रिया को बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

निपुण भारत मिशन के तहत होने वाले इस आकलन को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण 21 से 30 दिसंबर 2026 और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है। इसके लिए विद्यालयों का रोस्टर तैयार करने, उसका सत्यापन करने और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से जारी निर्देशों में आकलन की पूरी प्रक्रिया तय की गई है। इसका मकसद जिलों में एक समान तरीके से मूल्यांकन कराना और बच्चों की सीखने की क्षमता में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाना है।

25 नवंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण

आकलन की तैयारियों के तहत 25 नवंबर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इस दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक रोस्टर बनाने की प्रक्रिया पर ऑनलाइन प्रशिक्षण होगा।

इसमें डायट के प्राचार्य और नोडल अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) और समग्र शिक्षा के एसआरजी सदस्य शामिल होंगे। प्रशिक्षण राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से दिया जाएगा।

जिला समन्वयकों और एसआरजी सदस्यों को भी मिलेगी जानकारी

27 नवंबर को रोस्टर की जांच, प्रशिक्षण रिपोर्ट तैयार करने, आकलन की प्रक्रिया और निपुण लक्ष्य ऐप के इस्तेमाल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें सभी जिलों के जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), प्रभारी जिला समन्वयक और नए चयनित एसआरजी सदस्य हिस्सा लेंगे।

इसके बाद 30 नवंबर को एससीईआरटी उत्तर प्रदेश में निपुण भारत मिशन को लेकर अभिमुखीकरण कार्यक्रम होगा। यहां जिला समन्वयकों को निपुण लक्ष्य ऐप पर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा।

सभी डायट में 3 और 4 दिसंबर को होंगे कार्यक्रम

प्रशिक्षण को जिला स्तर तक पहुंचाने के लिए 3 और 4 दिसंबर को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में डायट प्राचार्य, प्रवक्ता, जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा के एसआरजी, एआरपी और डीएलएड प्रशिक्षुओं को शामिल किया जाएगा। राज्य परियोजना कार्यालय के तकनीकी सदस्य भी प्रशिक्षण में भाग लेंगे।

वहीं, 15 दिसंबर को निपुण विद्यालय आकलन से पहले रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें संबंधित अधिकारियों, डायट प्रवक्ताओं, समन्वयकों और प्रशिक्षुओं को शामिल किया जाएगा।

30 नवंबर तक भेजना होगा विद्यालयों का रोस्टर

निर्देशों के अनुसार, विद्यालयों की सूची पीटीएमएफ के रूप में दोबारा उपलब्ध कराई गई है। इसके आधार पर डायट प्राचार्यों के माध्यम से विद्यालयों का रोस्टर तैयार किया जाएगा। तैयार रोस्टर को 30 नवंबर 2026 तक राज्य परियोजना कार्यालय भेजना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन प्रशिक्षण और बैठकों के लिंक अलग से साझा किए जाएंगे।

बच्चों की सीखने की क्षमता बेहतर करने पर जोर

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि निपुण विद्यालय आकलन से बच्चों की भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताओं का पता चलेगा। इससे उनके सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि रोस्टर तैयार करने, सत्यापन और प्रशिक्षण की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से की जा रही है, ताकि आकलन सही ढंग से पूरा हो और हर बच्चा अपनी कक्षा के अनुसार जरूरी दक्षताएं हासिल कर सके।