उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत लखनऊ में वडनगर से काशी तक जा रही ‘सेवा यात्रा’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद किया और अमृत सरोवर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में की गई थी।

‘पीएम मोदी के रूप में मिला प्रभावशाली नेतृत्व’

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आजादी के बाद देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में ऐसा प्रभावशाली नेतृत्व मिला, जिसके कार्यकाल में भारत ने अलग-अलग क्षेत्रों में कई नए आयाम स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से जुड़े रहे हैं। उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के तौर पर अपनी 25वीं वर्ष की सेवा यात्रा का भी उल्लेख किया है।
वडनगर से काशी तक सेवा और राष्ट्रनिर्माण का संदेश

ब्रजेश पाठक ने कहा कि वडनगर से काशी तक की ‘सेवा यात्रा’ केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने की यात्रा नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली है, जबकि काशी उनका लोकसभा क्षेत्र है। ऐसे में यह यात्रा उनके जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों को सेवा और जनभागीदारी के संदेश से जोड़ती है।
‘युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ऊर्जा’

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा है। युवाओं को सामाजिक कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव की गति को तेज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रा के दौरान युवाओं के साथ संवाद और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम सेवा के संकल्प को व्यवहार में उतारने का प्रयास हैं।
‘विकसित भारत’ के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य देश की सामूहिक आकांक्षा से जुड़ा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लें।

कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा गुजरात के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप बरोट, दिव्य पाल सिंह सोलंकी, प्रदीप भाई देसाई, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू वाल्मीकि, ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला, जिला महामंत्री धीरू पांडेय, पूर्व विधायक चंद्र रावत, प्रदेश महामंत्री अनुसूचित मोर्चा पुष्पेंद्र पासी, जिला मंत्री मुकेश शर्मा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र दीक्षित, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नितिन जायसवाल, निगोहा प्रधान अभय दीक्षित समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।