मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की उचित समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि कोई पीड़ित एक ही वास्तविक समस्या को लेकर दूसरी बार जनता दर्शन में पहुंचता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

सीएम योगी ने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है। यदि किसी व्यक्ति की समस्या वास्तविक है और उसका समय पर समाधान नहीं हुआ तो यह अक्षम्य है। प्रशासन को हर उचित समस्या का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद लोगों के बीच पहुंचे और कुर्सियों पर बैठे फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत भी की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि यदि किसी दबंग ने गरीब की जमीन पर अवैध या जबरन कब्जा किया है तो जमीन को तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए। साथ ही जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित को न्याय और दोषियों को सजा दिलाना सुनिश्चित करें। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
