Breaking News

एशियन गेम्स: खराब मौसम के कारण भारत और अफगानिस्तान का मैच रद्द     |   एशियन गेम्स: पिंकी बलहारा ने कोरियाई खिलाड़ी को 3-0 से हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं     |   एशियन गेम्स: भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने हांगकांग को 3-0 से हराया     |   डोनाल्ड ट्रंप ने बदला स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज का नाम     |   यमन में हवाई हमले से भीषण तबाही, बच्चों समेत 7 लोगों की मौत     |  

यूपी ट्रेड शो में शामली की कंपनियों ने हासिल किया निर्धारित लक्ष्य, विदेशी व्यापारियों को पसंद आ रहे स्थानीय उत्पाद

ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शामली की 10 कंपनियां अपने उत्पादों के साथ हिस्सा ले रही हैं। इनमें 10 वर्षों से अधिक समय से निर्यात कर रही करियर व्हीलस प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है। ट्रेड शो में शामली की कंपनियों के उत्पादों को विदेशी व्यापारियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं, कैराना की साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स के उत्पादों की रिटेल बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है।

शामली ने पूरा किया निर्धारित लक्ष्य

यूपी ट्रेड शो में शामली से करियर व्हीलस प्राइवेट लिमिटेड, अमर स्प्लिंट्स प्राइवेट लिमिटेड, बेजरिका प्राइवेट लिमिटेड, कैरा डाइम हेल्थ केयर एलएलपी, आरव एग्रो फूड्स, श्री आयुर्वेदिक संस्थान और अंकित हैंडलूम समेत अन्य कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा एक जनपद एक व्यंजन (ODOP) के तहत साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं।

जनपद शामली ने यूपी ट्रेड शो के लिए निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया है। कंपनियां अपने उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों के सामने प्रदर्शित कर रही हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

विदेशी मेहमानों को पसंद आ रही पलंग तोड़ बर्फी और पेड़ा

साधु स्वीट्स के मालिक राकेश गर्ग ने बताया कि ट्रेड शो के पहले दिन से ही उनके स्टॉल पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ पहुंच रही है। स्टॉल पर कई तरह की मिठाइयां उपलब्ध हैं, लेकिन पलंग तोड़ बर्फी और पलंग तोड़ पेड़ा ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं।

उन्होंने बताया कि यूपी सरकार की पहल के चलते शामली की इन मिठाइयों का स्वाद विदेशी मेहमानों तक भी पहुंच रहा है। ट्रेड शो के हॉल नंबर 17 में वियतनाम, रूस, बेलारूस और ऑस्ट्रिया के विदेशी व्यापारी भी इन भारतीय मिठाइयों को पसंद कर रहे हैं।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो स्थानीय उत्पादों और कारोबारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का मंच उपलब्ध करा रहा है। शामली की कंपनियों और मिठाई कारोबारियों को भी इसका लाभ मिल रहा है।