संत रविदास नगर (भदोही) में रविवार को इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कारपेट एक्सपो मार्ट में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश कभी अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश था, लेकिन पिछली सरकारों की बीमारू मानसिकता ने इसकी क्षमता को कमजोर कर दिया। आज प्रदेश में ऐसा माहौल बनाया गया है, जहां कारीगरों और हस्तशिल्पियों को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ रहा है और वे अपनी माटी में ही अपना हुनर दिखा रहे हैं।
4 से 7 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे इंडिया कारपेट एक्सपो में करीब 250 एग्जीबिटर्स और 65 देशों के 450 से अधिक विदेशी खरीदार हिस्सा ले रहे हैं। इनमें ब्रिक्स देशों के 106 खरीदार भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने एक्सपो में लगे विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया और कारीगरों के उत्पादों को देखा।
ओडीओपी से भदोही के कालीन को मिला बड़ा बाजार
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगा, कर्फ्यू, उपद्रव और माफियागिरी के कारण कारोबार का माहौल खराब था। कारीगरों को काम नहीं मिलता था और देश-विदेश से खरीदार भी नहीं आते थे। सरकार ने भदोही के कालीन को वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना में शामिल कर कारीगरों को तकनीक, डिजाइन और बाजार से जोड़ा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संत रविदास नगर और सिल्क क्लस्टर से करीब 6,100 करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है। देश के कुल कालीन निर्यात में संत रविदास नगर, मीरजापुर और वाराणसी के सिल्क क्लस्टर की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है। अकेले संत रविदास नगर में 2,500 एमएसएमई यूनिट हैं, जिनका वार्षिक कारोबार करीब 10 हजार करोड़ रुपये है। इस उद्योग से पांच लाख से अधिक लोगों को सीधे रोजगार मिला है।
90 प्रतिशत कालीन विदेशों में निर्यात
सीएम योगी ने कहा कि भदोही में बने करीब 90 प्रतिशत कालीन अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन समेत दुनिया के कई देशों में निर्यात किए जाते हैं। भदोही के हस्तनिर्मित कालीन को जीआई टैग भी मिला है। कारपेट और टेक्सटाइल क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा, डिजाइनिंग और डाइंग की ट्रेनिंग के लिए भदोही में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कारपेट टेक्नोलॉजी भी स्थापित है।
छह घंटे में पहुंचेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा कालीन उद्योग को भी मिल रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे के विंध्य एक्सप्रेसवे के रूप में विस्तार के बाद संत रविदास नगर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट करीब छह घंटे में पहुंचा जा सकेगा। एयरपोर्ट पर कार्गो सुविधा मिलने से भदोही के कालीनों को दुनिया के बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इसके अलावा वाराणसी-हल्दिया इनलैंड वाटरवे और वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी कार्गो सुविधा उपलब्ध है।
मजबूत कानून-व्यवस्था से बढ़ा निवेश का भरोसा
सीएम योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और उपद्रव का माहौल नहीं है। कोई माफिया खुलेआम जीप में पिस्टल लहराकर किसी को धमका नहीं सकता और न ही बेटी या व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगा सकता है।
उन्होंने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है, जबकि करीब साढ़े सात लाख करोड़ रुपये के उद्योग जल्द धरातल पर उतरने वाले हैं। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई यूनिट हैं और प्रत्येक यूनिट को पांच लाख रुपये का सुरक्षा बीमा कवर दिया जा रहा है।
14 हजार से बढ़कर 35 हजार से ज्यादा हुए कारखाने
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में करीब 14 हजार कारखाने थे, जबकि अब इनकी संख्या 35 हजार से अधिक हो गई है। देश में बनने वाले 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह नोड पर काम चल रहा है और प्रदेश में 12 निजी औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
नए संसद भवन में भी बिछा है भदोही का कालीन
सीएम योगी ने कहा कि भदोही के कारीगरों के हुनर से तैयार कालीन आज देश-दुनिया के बड़े प्रतिष्ठानों की शोभा बढ़ा रहे हैं। नए संसद भवन में बिछा कालीन भी संत रविदास नगर में तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले के पास जीआई टैग, ओडीओपी प्लेटफॉर्म, कारपेट एक्सपो मार्ट और मजबूत निर्यात व्यवस्था जैसी सुविधाएं हैं। लखनऊ और हरदोई के बीच एक हजार एकड़ में पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। साथ ही प्रदेश के हर जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एंप्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाने की तैयारी है, जहां उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से दुनिया ने देखी प्रदेश की ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में छह लाख से अधिक विजिटर पहुंचे। इस दौरान डेढ़ लाख से अधिक बी2बी बैठकें हुईं। ट्रेड शो में 2,400 से अधिक एग्जीबिटर्स और 650 से अधिक विदेशी खरीदार शामिल हुए।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, सीईपीसी अध्यक्ष कैप्टन मुकेश गोम्बर, उपाध्यक्ष असलम महबूब, एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील और इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।