उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 34 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव में 14 जिलों के जिलाधिकारी (DM) भी बदले गए हैं। सरकार की ओर से जारी सूची में कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सोमवार को जारी आदेश के अनुसार हरदोई, मुरादाबाद, एटा, अमेठी, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर के जिलाधिकारी बदले गए हैं।
तबादले के तहत अनुनय झा को हरदोई से हटाकर मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं राहुल पांडेय को विशेष सचिव, राज्य कर के पद से हटाकर हरदोई का जिलाधिकारी बनाया गया है। एम. अरुणमोली को आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद से हटाकर एटा का DM बनाया गया है। इसके अलावा संजय चौहान को अमेठी से कुशीनगर और महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर से कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। अनुज मलिक को संतकबीरनगर का DM बनाया गया है।
आलोक कुमार को संतकबीरनगर से पीलीभीत और ज्ञानेंद्र सिंह को पीलीभीत से बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं शशांक चौधरी को अमेठी और दिव्यांशु पटेल को बागपत का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही प्रभास कुमार को महोबा, उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर, सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
तबादला सूची में हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। विजय कुमार सिंह को मिर्जापुर का मुख्य विकास अधिकारी और संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और शैलेंद्र भाटिया को यूपीईडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा जितेंद्र प्रताप सिंह को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक और नेहा बंधु को विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन का अपर आयुक्त बनाया गया है।
तबादला सूची के अनुसार अन्य अधिकारियों में अमनदीप डुली को नियंत्रक, विधिक बाट-माप; अस्मिता लाल को विशेष सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण; अभिषेक गोयल को विशेष सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक; मंगला प्रसाद सिंह को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड; और निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, राज्य कर बनाया गया है। इसके अलावा अरविंद सिंह को विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद, राजेंद्र पेंसिया को विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार, अतुल वत्स को विशेष सचिव, राजस्व और चंद्र शेखर को परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।