Breaking News

India vs Japan: श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   पहाड़गंज: स्पा में चल रहे सेक्स रैकेट का भंड़ाफोड़, चार गिरफ्तार     |   जमुई बदसलूकी मामला: फरार नंदन यादव एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया     |   पंजाब पुलिस ने 'बिना यूनिफॉर्म' वाली वायरल एडवाइज़री को गलत बताया।     |   दिल्ली: एक लाख की फेक करंसी बरामद, बिहार के 2 लोग गिरफ्तार     |  

गुजरात-केरल में बारिश का अलर्ट, केरल के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात और केरल में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। गुजरात में 21 से 27 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में 21 से 24 सितंबर के बीच बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

वहीं, केरल में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो गया है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने केरल के छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। बारिश की बढ़ती गतिविधि को देखते हुए केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने पूरे राज्य में स्थिति पर हर घंटे नजर रखने के निर्देश दिए हैं। बारिश के कारण हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।

रविवार को इडुक्की में मिट्टी खिसकने से एक शेड ढह गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। सोमवार को केरल के मंत्री अनूप जैकब ने घटनास्थल का दौरा किया और हादसे की वजहों को लेकर समीक्षा बैठक की। वहीं, मलप्पुरम जिले में अचानक आई बाढ़ से पांच लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के विस्थापित होने की आशंका है।

राजस्व मंत्री ए. पी. अनिल कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों का जायजा लिया। हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हाल में हुई भारी बारिश के बावजूद 1 जून से 17 सितंबर के बीच केरल में सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। यह इस साल मानसून के कमजोर रहने का संकेत है।