Breaking News

INDIA ब्लॉक की बैठक में शिवसेना (यूबीटी) वर्चुअली हो सकती है शामिल     |   मुजफ्फरपुर ICU अग्निकांड: प्रसाद हॉस्पिटल के डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार, मालिक फरार     |   बिहार: खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग के संचालक फैजल खान पर आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज     |   राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों और रणनीति पर मंथन के लिए JMM विधायकों की बैठक     |   रिजर्व बैंक पॉलिमर नोट लाने पर कर रहा विचार, प्रस्ताव अभी शुरुआती चरण में     |  

दिल्ली मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मंदिरों-रेलवे ट्रैक पर भी धमाकों की चेतावनी

दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर ऑपिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मेयर की ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल भेजा गया. इस ई-मेल में दिल्ली और हरियाणा के कई अहम स्थानों, मंदिरों और रेलवे ट्रैक पर बम धमाके करने की चेतावनी दी गई है. ई-मेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा हुआ बताया है. इस धमकी के बाद दिल्ली पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं.

ई-मेल में दावा किया गया है कि 5 और 6 जून को दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला और वहां के रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट किए जाएंगे. इसके साथ ही लोगों को इन दिनों यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है. धमकी भरे इस ई-मेल में दिल्ली और हरियाणा के कई प्रसिद्ध और प्रमुख मंदिरों के नाम साफ तौर पर लिखे गए हैं. इनमें दिल्ली के चांदनी चौक का गौरी शंकर मंदिर, कालकाजी मंदिर और महरौली का योगमाया मंदिर शामिल है.

इसके अलावा हरियाणा के पिंजौर का भीमा देवी मंदिर, पिहोवा का कार्तिकेय मंदिर और कुरुक्षेत्र का स्थानेश्वर महादेव मंदिर भी इस लिस्ट में शामिल हैं. ई-मेल में 1984 के 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' और संत जरनैल सिंह भिंडरांवाले का जिक्र करते हुए 'बदला' लेने की बात कही गई है. धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई. पुलिस की टीम ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड के साथ डॉक्टर एस.पी. मुखर्जी सिविक सेंटर (मेयर कार्यालय) और उसके आसपास के पूरे परिसर की तलाशी ली. जांच के दौरान पूरी इमारत के दफ्तरों, आम रास्तों और पार्किंग एरिया को पूरी तरह खंगाला गया.

हालांकि, चेकिंग के दौरान वहां कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामान नहीं मिला और परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में ये ई-मेल सिर्फ पैनिक फैलाने के इरादे से भेजा गया एक फर्जी ई-मेल लग रहा है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वो किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही घबराएं. फिलहाल संबंधित सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. पुलिस की टेक्निकल टीम ई-मेल के आईपी एड्रेस और उसके सोर्स की जांच करने में जुटी है.