Breaking News

केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |   अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन पहुंचे     |   पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को उम्रकैद की सजा     |  

सपा विधायक ने की पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई की मौत की जांच की मांग

लखनऊ, 13 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत की जांच उच्च न्यायालय के किसी पूर्व न्यायाधीश से करने की मांग की है।

प्रतीक के शव के पोस्टमार्टम के दौरान किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय पहुंचे मेहरोत्रा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रतीक की मौत की जांच की जानी चाहिए।

लखनऊ (मध्य) सीट से सपा के विधायक मेहरोत्रा ने कहा, 'उच्च न्यायालय के किसी पूर्व न्यायाधीश की अगुवाई में इसकी जांच होनी चाहिए, क्योंकि डॉक्टर का कहना है कि अस्पताल आने से पहले उनकी मौत हो गई थी।'

उन्होंने कहा, 'मैंने डॉक्टर से पूछा कि पोस्टमार्टम क्यों हो रहा है तो उन्होंने कहा कि यह सामान्य मौत नहीं है। संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हुई है। अस्पताल में आने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें अस्पताल लाने में देर हुई है इसलिए हम लोग यह मांग करते हैं कि प्रतीक यादव जी की मौत की जांच कराई जाए।'

मेहरोत्रा ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रतीक के बड़े भाई हैं और वह जो निर्णय लेंगे, उस हिसाब से कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा, 'अभी फिलहाल हम लोग यही मांग करते हैं कि इस घटना की जांच हो।'

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार सुबह संदिग्ध हालत में मृत्यु हो गई। वह 38 वर्ष के थे। उनके शव का लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में पोस्टमार्टम किया गया है।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में मामले की जांच के सवाल पर कहा था कि परिवार जो भी कहेगा, उस हिसाब से काम किया जाएगा।

भाषा सलीम मनीषा

मनीषा