Breaking News

बहरीन: ड्रोन एक्टिविटी का Amazon की क्लाउड सर्विस पर असर     |   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुलाई बैठक, मिडिल ईस्ट संकट पर होगी चर्चा     |   नीतीश कुमार निर्विरोध जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने ग     |   गुजरात: विधानसभा मे आज UCC बिल पेश करेंगे डिप्टी सीएम     |   बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स करीब 1000 अंक ऊपर खुला     |  

महाराष्ट्र: पालघर की एक दवा फैक्टरी में रसायन रिसाव के बाद 22 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती

पालघर, 23 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर के बोइसर इलाके में स्थित तारापुर एमआईडीसी में एक दवा बनाने की फैक्टरी में रसायन के रिसाव के बाद 20 से अधिक कर्मचारी अस्पताल में भर्ती कराए गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पालघर की कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे एक टैंकर में डाई-मिथाइल सल्फेट (डीएमएस) भरते समय घटी।

उन्होंने बताया, 'टैंकर की वेंट लाइन से थोड़ी मात्रा में रसायन जमीन पर फैल गया। ऑपरेटर ने तुरंत रिसाव को बंद कर दिया, लेकिन बाद में सफाई प्रक्रिया के दौरान उठी गैसों से कई कर्मचारी प्रभावित हुए। अपराह्न 2:30 बजे तक चूने और सोडा ऐश का उपयोग करके फैले हुए रसायन को निष्क्रिय कर दिया गया।'

हालांकि, कलेक्टर ने बताया कि कुछ सुरक्षाकर्मियों और सफाई कार्य में लगे श्रमिकों को डाई-मिथाइल सल्फेट के कारण आंखों में जलन महसूस हुई।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में कुल 22 श्रमिकों को कारखाने में निगरानी में रखा गया और शाम करीब सात बजे लक्षणों के बने रहने पर एहतियात के तौर पर उन्हें बोइसर स्थित अधिकारी लाइफलाइन मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों ने बताया कि सभी प्रभावित व्यक्तियों की हालत स्थिर है और उनके जीवन को कोई खतरा नहीं है।

अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आसपास के क्षेत्र को कोई खतरा नहीं है।

उन्होंने बताया कि संबंधित एजेंसियों द्वारा रिसाव के कारण की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप