Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

सीएम योगी के निर्देश पर एक करोड़ मानव दिवस कार्यों का सृजन, गांव बने खुशहाल

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में नदियों के पुनर्जीवन और जल संरक्षण को लेकर अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के तहत न सिर्फ छोटी नदियों का कायाकल्प हो रहा है, बल्कि इस कार्य से ग्रामीणों को भरपूर रोजगार भी मिला है। जल संरक्षण और रोजगार सृजन को समर्पित इस अभियान से गांव-गांव में खुशहाली आ रही है। नदी पुनरुद्धार कार्यों के माध्यम से प्रदेश में अब तक करीब एक करोड़ मानव कार्य दिवस के रोजगार सृजित किए गए हैं। इससे न केवल श्रमिकों को आजीविका मिली, बल्कि जल संसाधनों का भी व्यापक स्तर पर संरक्षण हो रहा है। यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक मजबूती का कारण बन रहा है।

हर जिले में पुनर्जीवित की जा रही एक नदी
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन उत्तर प्रदेश के परियोजना निदेशक प्रभाष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रत्येक जिले में एक नदी को पुनर्जीवित किया जा रहा है। यह कार्य मंडल स्तर पर मंडलायुक्त की अगुवाई में जिला गंगा समितियों तथा अन्य विभागों-मनरेगा, सिंचाई, लघु सिंचाई आदि के सहयोग से संचालित हो रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर भी जनभागीदारी सुनिश्चित हो रही है।

जल संरक्षण के दो हजार काम पूरे किए गए
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत अब तक लगभग 2000 जल संरक्षण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं। इनमें तालाबों की खुदाई, जल निकायों का गहरीकरण, नालों की सफाई और जल संचयन संरचनाओं के निर्माण प्रमुख हैं। इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नदी पुनर्जीवन अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए नदियों के किनारे पौधों का रोपण भी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। यह कार्य न केवल हरियाली बढ़ाने में सहायक है, बल्कि इससे जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को भी कम किया जा सकेगा।

गांव-गांव में आई खुशहाली, नदियां बनीं जीवनदायिनी
मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान से प्रदेश के गांवों में खुशहाली लौट रही है। जिन नदियों को कभी मृतप्राय माना जा रहा था, वे अब फिर से प्रवाहित हो रही हैं। इससे किसानों को सिंचाई का पानी मिला, भूजल स्तर सुधरा और पारिस्थितिकी तंत्र भी संतुलित हुआ है।