Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

Rajya Sabha elections: समाजवादी पार्टी ने रामजीलाल सुमन, जया बच्चन और आलोक रंजन को उम्मीदवार बनाया

Lucknow: समाजवादी पार्टी (एसपी) ने राज्यसभा चुनाव के लिए पूर्व सांसद रामजीलाल सुमन, जया बच्चन और पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक रंजन को उम्मीदवार बनाया है। रामजीलाल सुमन पूर्व सांसद हैं और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी सहयोगियों में शुमार किए जाते हैं। जया बच्चन अभिनेता अमिताभ बच्चन की पत्नी हैं। पार्टी साल 2004 से ही उन्हें राज्यसभा भेजती रही है। 

पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक रंजन समाजवादी पार्टी के पिछले कार्यकाल में प्रदेश के मुख्य सचिव थे और अधिकारी वर्ग में उनकी खासी पकड़ मानी जाती है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि आरएलडी यानी राष्ट्रीय लोकदल के बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में जाने से राज्यसभा चुनाव के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एसपी गठबंधन के पास इतना संख्याबल है कि वो अपने तीनों उम्मीदवारों को जिता सकती है। 

समाजवादी के मौजूदा वक्त में राज्यसभा में तीन सांसद राम गोपाल यादव, जावेद अली खान और जया बच्चन हैं। समाजवादी पार्टी के पास 108 विधायक हैं और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) में उसकी सहयोगी कांग्रेस के पास दो विधायक हैं। 

किसी उम्मीदवार को राज्यसभा में सीट सुरक्षित करने के लिए 37 फर्स्ट प्रिफरेंस वोटों की जरूरत होगी और इस तरह एसपी तीन सदस्यों को राज्यसभा में भेज सकती है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है। मतदान 27 फरवरी को होगा और नतीजों का ऐलान इसी दिन किया जाएगा।