दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और उनके लिए बेहतर काम करने वाले लोगों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए योगी सरकार ने राज्य स्तरीय पुरस्कार-2026 की घोषणा की है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के मौके पर 12 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए बेहतर काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को पहचान और प्रोत्साहन देना भी इस पहल का हिस्सा है।
12 श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार
राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए कुल 12 श्रेणियां तय की गई हैं। प्रत्येक श्रेणी में चयनित विजेता को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी या स्वनियोजित दिव्यांगजन, सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता, सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी, सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति या संस्था और प्रेरणास्रोत एवं सृजनशील दिव्यांग बालक-बालिका जैसी श्रेणियां शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यांग खिलाड़ी, दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित वातावरण तैयार करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्था और दिव्यांगजनों को पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने वाले सर्वश्रेष्ठ जिले को भी सम्मानित किया जाएगा।
15 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
पुरस्कार के लिए इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जिलाधिकारी की संस्तुति के साथ दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशालय, लखनऊ में जमा करना होगा। पुरस्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा जानकारी के लिए विभाग की हेल्पलाइन 18001801995 पर भी संपर्क किया जा सकता है।