Noida: होली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बड़ी कार्रवाई की। सेक्टर-62 स्थित रसूलपुर नवादा में सम्यक मिठाईवाला पर छापेमारी के दौरान करीब 100 किलो गुलाब जामुन मक्खी-मच्छरों से दूषित हालत में मिले। टीम ने नमूना लेने के बाद शेष मिठाई मौके पर ही नष्ट करा दी।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा साइट-5 कासना स्थित जानकी बल्लभ फूड्स प्रा. लि. तेल फैक्ट्री में भी छापा मारा गया। यहां Nutriglow ब्रांड के सोयाबीन और पामोलिन तेल के नमूने लिए गए। फोर्टिफिकेशन नियमों के उल्लंघन और बैच रिकॉर्ड उपलब्ध न होने पर 291 टीन, 3968 पाउच सोयाबीन तेल और 6995 पाउच पामोलिन तेल को सीज कर दिया गया।
जांच के दौरान इसी फैक्ट्री में Nutrilive Gold ब्रांड के 91 टीन एक्सपायर्ड पामोलिन तेल भी बरामद हुए, जिन्हें सीज कर नमूना जांच के लिए भेजा गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने कुल पांच नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहार से पहले शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए जनपद में सघन अभियान जारी है।