Breaking News

पीएम मोदी इजरायल की संसद पहुंचे, कुछ देर में संबोधन     |   दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया     |   राज्यसभा चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी, 5 मार्च नामांकन की आखिरी तारीख     |   अबकी बार किसके कहने पर इजरायल गए PM मोदी: राहुल गांधी     |   योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिं​ह ने BSP विधायक उमाशंकर सिंह पर IT रेड का किया विरोध     |  

राहुल गांधी ने की मोहम्मद दीपक की तारीफ, कहा- नफरत के खिलाफ खड़े होकर पेश की नई मिसाल

New Delhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने, उत्तराखंड में एक मुस्लिम दुकानदार की मदद करने के बाद ‘मोहम्मद दीपक’ नाम से चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार की तारीफ करते हुए कहा है कि उन्होंने जो किया, उससे बड़ी देशभक्ति कुछ और नहीं है।

राहुल गांधी ने दीपक से मुलाकात का वीडियो बुधवार को जारी किया। उन्होंने दीपक से बीते सोमवार को मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता वैभव वालिया, दीपक के दोस्त विजय रावत और कुछ अन्य लोग मौजूद थे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इस मुलाकात का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया और कहा, ‘‘करोड़ों भारतीय नागरिकों के दिलों में सद्भाव और मोहब्बत की विचारधारा है, मगर मन में भय भी है। दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है। जो लोग नफ़रत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वह दरअसल कायर होते हैं, उनसे कभी भी डरो मत।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दीपक ने हमारे तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। नफ़रत के सामने डटकर खड़े हुए, कमज़ोर की हिफ़ाज़त की, इससे बड़ी देशभक्ति नहीं होती।’’ बीते 26 जनवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ का नाम बदलने के लिए दुकान मालिक वकील अहमद पर दबाव बनाने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता उनकी दुकान के बाहर जमा हो गए थे।

इसी दौरान अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के मित्र और 42 वर्षीय जिम मालिक दीपक कुमार ने बजरंग दल के इस रवैये का विरोध किया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया। दीपक कुमार के इस कदम की देशभर में सराहना हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें ‘भारत का हीरो’ बताया था।