होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गढ़ क्षेत्र में विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगीन कचरी की भारी खेप बरामद की है। छापेमारी के दौरान करीब 13 कुंटल रंगीन कचरी जब्त की गई, जिसे अत्यधिक कृत्रिम रंग मिलाकर तैयार किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, यह कचरी विभिन्न बाजारों और दुकानों में सप्लाई की जानी थी। आशंका है कि त्योहार के दौरान मांग बढ़ने का फायदा उठाकर इसे बड़ी मात्रा में बेचा जाना था। टीम ने मौके से नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि खाने-पीने की चीजों में अधिक मात्रा में कृत्रिम रंग मिलाना स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है। इससे पेट दर्द, आंतों में संक्रमण, लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध या अत्यधिक रंगीन खाद्य सामग्री से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली तक इस तरह की जांच और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।