Breaking News

मुम्बई के शिवाजी नगर इलाके में फायरिंग, एक महिला को लगी गोली     |   किसानों की आय दोगुनी करने का वादा झूठा: सरकार पर अखिलेश यादव का निशाना     |   मेक-इन-इंडिया का शेर जंग खा रहा: लोकसभा में बोले अखिलेश यादव     |   लोकतंत्र में बुलडोजर का कोई स्थान नहीं: लोकसभा में बोले अखिलेश यादव     |   बुलेट ट्रेन बंगाल, बिहार और यूपी में क्यों नहीं: लोकसभा में बोले अखिलेश यादव     |  

कांग्रेस आलाकमान का निर्णय अंतिम माना जाएगा, नेतृत्व परिवर्तन मुद्दे पर बोले सीएम सिद्धारमैया

Karnataka: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री पद में बदलाव के मुद्दे पर कांग्रेस आलाकमान का जो भी फैसला होगा उसे अंतिम माना जाएगा और वे नेतृत्व के निर्देशों का पालन करेंगे। 

उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए दिल्ली नहीं जा रहे हैं और केवल तभी जाएंगे जब उन्हें आलाकमान द्वारा बुलाया जाएगा। सिद्धारमैया अपने उप-मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री पद के दावेदार डी. के. शिवकुमार द्वारा दिन में ही इससे पहले की गई टिप्पणियों का जवाब दे रहे थे।

शिवकुमार ने कहा था कि नेतृत्व के मुद्दे पर उन्हें ‘‘कोई भ्रम नहीं है’’, क्योंकि उन्होंने और सिद्धारमैया ने कांग्रेस आलाकमान की उपस्थिति में इस मामले पर चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने बेंगलुरू में पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं अभी इस बारे में कुछ नहीं कहूंगा और आलाकमान का फैसला अंतिम होगा। आपके द्वारा अनावश्यक प्रश्न पूछने का कोई फायदा नहीं।’’

पत्रकारों द्वारा ये कहे जाने पर कि वे केवल ये पूछ रहे थे कि शिवकुमार ने क्या कहा तो स्पष्ट रूप से परेशान सिद्धारमैया ने कहा, ‘‘अगर उन्होंने कुछ कहा है, तो आप उनसे पूछें। मुझे नहीं पता। मैं आलाकमान के निर्देशों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’’

यहां एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे दिल्ली नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बिना बुलाए मैं क्यों जाऊं? मेरे यहां काम है, बजट तैयार करने का काम है। अगर मुझे बुलाया जाएगा तो मैं जाऊंगा।’’ शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच सत्ता संघर्ष एक बार फिर सामने आ गया है।

सिद्धारमैया के पुत्र और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) यतिंद्र ने पिछले सप्ताह इस बात पर जोर दिया था कि उनके पिता अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे और पार्टी आलाकमान ने इस संबंध में संकेत दे दिए हैं।

कांग्रेस सरकार द्वारा 20 नवंबर 2025 को अपने पांच साल के कार्यकाल का आधा हिस्सा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री पद में संभावित बदलाव की अटकलों के बीच सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान तेज हो गई है।