तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राम नवमी के अवसर पर भद्राचलम स्थित सीता रामचंद्र स्वामी मंदिर में भूमि पूजन किया और श्री सीता राम कल्याण महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर के विस्तार और विकास के पहले चरण के तहत 351 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने मिथिला स्टेडियम में आयोजित श्री सीता रामचंद्र स्वामी तिरुकल्याणम (दैवीय विवाह समारोह) में भी भाग लिया और राज्य सरकार की ओर से भगवान को रेशमी वस्त्र और मोती के ‘तलांबरालु’ अर्पित किए।
श्री सीता राम कल्याण महोत्सव भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य विवाह का प्रतीक है, जिसे हर साल राम नवमी के अवसर पर विधि-विधान और ज्योतिषीय समय के अनुसार मनाया जाता है। इसे अत्यंत शुभ माना जाता है। मुख्यमंत्री ने राम नवमी के पावन अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि भगवान श्रीराम धर्म, न्याय और सत्यनिष्ठा के प्रतीक हैं और सभी के लिए आदर्श पुरुष हैं।
सीएम रेवंत रेड्डी ने लोगों से सत्य, धैर्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की अपील की और कामना की कि भगवान श्रीराम की कृपा से यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि लाए। 9वहीं, विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष यमुना पाठक ने भद्राचलम मंदिर के कल्याण महोत्सव की परंपराओं में कथित बदलाव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परंपराओं से छेड़छाड़ स्वीकार्य नहीं है और सरकार व संबंधित विभागों से इस मामले में तुरंत और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।