आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा के कई सांसदों ने पार्टी से अलग होकर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया है। इस घटनाक्रम के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ धोखा किया।”
दरअसल, AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पार्टी के दो-तिहाई सांसदों ने भाजपा में विलय का फैसला किया है। राघव चड्ढा के अनुसार, AAP के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 ने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि AAP अपने मूल सिद्धांतों और विचारधारा से भटक गई है। “जिस पार्टी को मैंने 15 साल दिए, वह अब राष्ट्रहित के बजाय व्यक्तिगत हितों के लिए काम कर रही है,” चड्ढा ने कहा।
चड्ढा ने यह भी बताया कि उनके साथ हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल भी इस फैसले में शामिल हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया था। इसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने उन पर भाजपा के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया था। हालांकि, चड्ढा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे उनके खिलाफ “सुनियोजित अभियान” बताया था।