Haridwar: हरिद्वार कुंभ 2027 के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर उत्तराखंड सरकार ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने कुंभ मेले की तैयारियों की गहन समीक्षा की।मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला नियंत्रण भवन यानी सीसीआर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने हरिद्वार के कायाकल्प के लिए 234.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 34 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया।सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य कुंभ मेला 2027 को अब तक का सबसे दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुंभ बनाना है, ताकि देवभूमि की वैश्विक छवि और सशक्त हो सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिलान्यास की गई योजनाओं में सड़क निर्माण, घाटों का विकास, पेयजल आपूर्ति और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।सरकार का मानना है कि इन विकास कार्यों से न केवल महाकुंभ का आयोजन सुचारू होगा, बल्कि हरिद्वार के दीर्घकालिक विकास को भी नई गति मिलेगी।