Breaking News

होर्मुज अब अमेरिका का नया इलाका: राष्ट्रपति ट्रंप     |   सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |  

दिल्ली लक्ष्मी योजना: 27 अगस्त को पात्र महिलाओं को मिलेगा पेंशन का आधिकारिक पत्र, 1 सितंबर से खाते में आएगी राशि

दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को पेंशन देने की प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को योजना की समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि 27 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां शुरुआत में पात्र महिलाओं को पेंशन का आधिकारिक पत्र सौंपा जाएगा। इसके बाद 1 सितंबर से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचनी शुरू हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा के अलावा जिला स्तरीय स्वीकृति, निगरानी एवं शिकायत निवारण समितियों (DLAMGRC) के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कम समय में योजना के लिए किए गए काम की सराहना की।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है और अब इसका लाभ सीधे पात्र महिलाओं तक पहुंचने जा रहा है। उन्होंने जिला स्तरीय समितियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच और निगरानी की जाए, ताकि पात्र महिलाओं को बिना किसी अनावश्यक देरी के योजना का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच प्रक्रिया जितनी तेजी से पूरी होगी, पात्र लाभार्थियों को पेंशन मिलने की प्रक्रिया भी उतनी ही जल्दी आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तरीय समितियों में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। अगर किसी आवेदन में कोई जानकारी संदिग्ध लगती है तो उसकी गंभीरता से जांच की जानी चाहिए, ताकि आगे किसी तरह की समस्या न हो। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल www.dly.delhi.gov.in पर ऐसी सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है, जिसके जरिए आवेदन में गलत या अधूरी जानकारी भरने वाली पात्र महिलाओं को उसमें सुधार करने का एक और मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक योजना के क्रियान्वयन में किसी बड़ी समस्या की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने इसका श्रेय जिला स्तरीय समितियों की गंभीरता से की जा रही कार्रवाई और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय को दिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद महज 18 दिनों में करीब 8 लाख महिलाओं ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें से 5 लाख से ज्यादा आवेदन फाइनल सबमिट किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में दिल्ली की महिलाओं की ओर से मिला यह समर्थन अभूतपूर्व है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार की किसी योजना को इतने कम समय में इस स्तर का जनप्रतिसाद पहले नहीं मिला है। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ये आंकड़े योजना के प्रति महिलाओं के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।