Breaking News

होर्मुज अब अमेरिका का नया इलाका: राष्ट्रपति ट्रंप     |   सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |  

CM रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान 2026’ का किया शुभारंभ, 2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और कूड़ा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान 2026’ की शुरुआत की। दिल्ली नगर निगम मुख्यालय स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अभियान से जुड़े ब्रोशर का भी लोकार्पण किया गया।

vffbb

यह विशेष स्वच्छता अभियान पूरी दिल्ली में 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करना, कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करना, सार्वजनिक स्थानों की सफाई सुनिश्चित करना और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को अभियान से जोड़ना है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और मुख्य सचेतक एवं विधायक अभय वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या एजेंसी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि स्वच्छता को लोगों की रोजमर्रा की आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।इसके लिए सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, बाजार संगठनों, आरडब्ल्यूए, स्कूल-कॉलेजों, औद्योगिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

bbbb

मुख्यमंत्री ने अगले 12 महीनों तक वार्ड स्तर पर स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की है। हर महीने सबसे साफ पाए जाने वाले वार्ड को 1 करोड़ रुपये का फंड दिया जाएगा। लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्ड को अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मिलेगा और एक साल में एक वार्ड को अधिकतम 12 करोड़ रुपये तक का सीएमडीएफ फंड मिल सकता है। वार्डों की रैंकिंग स्वतंत्र एजेंसी की रिपोर्ट, अधिकारियों की रिपोर्ट और नागरिकों या सोशल मीडिया से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर तय की जाएगी। अगर किसी वार्ड में कूड़ा पड़ा होने की शिकायत मिलती है, तो उसे प्रतियोगिता से बाहर भी किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कूड़ा प्रबंधन के लिए चार ‘सी’ यानी कलेक्शन, क्लीनिंग, कन्वर्जन और सर्कुलर इकोनॉमी पर जोर दिया। सरकार कचरे को संसाधन में बदलने, ग्रीन फ्यूल को बढ़ावा देने और सर्कुलर इकोनॉमी को मजबूत करने पर भी काम करेगी। अभियान के तहत 23 और 30 अगस्त तथा 6 और 13 सितंबर को झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। हर शनिवार और रविवार को सार्वजनिक शौचालयों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Vvvv

1 से 10 सितंबर तक पार्कों से ग्रीन वेस्ट हटाया जाएगा। 17 सितंबर को सरकारी अस्पतालों में विशेष स्वच्छता अभियान होगा। वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सरकारी स्कूलों में ‘मेरा स्कूल, सबसे सुंदर’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और जीरो वेस्ट कैंपस अभियान चलाया जाएगा। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 70 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें, हर वार्ड में अतिरिक्त लिटर पिकर वाहन और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) कचरे के लिए 125 सेकेंडरी कलेक्शन सेंटर विकसित किए जा रहे हैं।

शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ सड़कों की सफाई करना नहीं, बल्कि दिल्ली की तस्वीर, लोगों की आदत और स्वच्छता को लेकर उनकी सोच में बदलाव लाना है। वहीं, महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली सरकार और नगर निगम के बेहतर समन्वय से कूड़ा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों के रखरखाव को मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील कूड़ा स्थलों की पहचान कर वहां नियमित सफाई, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, समय पर उठान और वैज्ञानिक प्रसंस्करण सुनिश्चित किया जाएगा।

vwWw

अभियान के दौरान कूड़ा संवेदनशील जगहों, सड़कों और फुटपाथों की सफाई, स्वच्छता शपथ, बाजारों में रात्रिकालीन सफाई, स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, पौधारोपण, पार्कों का रखरखाव और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई जैसी गतिविधियां होंगी। साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत अलग-अलग दिनों में दीवारों से पोस्टर और अनधिकृत लिखावट हटाने, सामुदायिक भवनों और धार्मिक स्थलों की सफाई, रेलवे ट्रैक और रिंग रोड की सफाई, कार्यालयों की सफाई और झुग्गी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। दिल्ली सरकार ने सभी संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को अभियान की नियमित निगरानी और परिणाम आधारित क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान की गई गतिविधियों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और इसकी प्रगति रिपोर्ट भी नियमित रूप से शहरी विकास विभाग को भेजी जाएगी।

vvv