Jharkhand: ये झारखंड के आदिवासी और वंचित छात्रों के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। साल 2025 के 22 दिसंबर की तारीख ऐतिहासिक गवाह बनी, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कोचिंग संस्थान का उद्घाटन किया। झारखंड सरकार की इस योजना से अब मेधावी छात्रों के मंजिल की राह में आर्थिक तंगी बाधा नहीं बनेगी।
यह संस्थान झारखंड के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग के मेधावी छात्रों को JEE और NEET की नि:शुल्क आवासीय कोचिंग सुविधा उपलब्ध करा रहा है। मोशन क्लासेज संस्थान के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन दे रहा है।
इंजीनियर, डॉक्टर बनने की प्रतिभा के बावजूद संसाधनों की कमी से पिछड़ने वाले छात्रों के लिए यह संस्थान एक वरदान है। यहां पढ़ने वाले अधिकतर छात्र ग्रामीण इलाके और बेहद गरीब परिवारों से आते हैं। यहां JEE और NEET में 300 छात्र तैयारी कर रहे हैं, जिनमें 168 छात्राएं हैं। छात्र और छात्राओं के लिए दो छात्रावास की सुविधा मौजूद है।
संस्थान में छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ स्टडी मैटेरियल, टेस्ट सीरीज़ और एक्सपर्ट गाइडेंस पूरी तरह नि:शुल्क दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही हॉस्टल, लाइब्रेरी और भोजन की भी बेहतर व्यवस्था की गई है। यह कोचिंग सेंटर आदिवासी समाज के भविष्य को संवारने की मजबूत नींव है।