Breaking News

पीएम मोदी ने कतर के शेख से बात की, दोहा हमले पर जताई चिंता     |   Gen-Z आंदोलन के पीछे बड़ा षडयंत्र- अपदस्थ पीएम केपी ओली     |   एशिया कपः भारत ने टॉस जीतकर यूएई के खिलाफ गेंदबाजी का लिया फैसला     |   नेपाल: हिंसा में अब तक 30 लोगों की मौत, 1,033 घायल     |   कांकेर: मुठभेड़ में आठ लाख का इनामी नक्सली मासा मारा गया     |  

मुंबई में भारी बारिश, पुलिस थाने में पानी भरा

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भारी बारिश होती रही। कुछ जगहों पर सुबह सिर्फ एक घंटे में 34 मिलीमीटर तक बारिश हुई। शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। 

नवी मुंबई के तुर्भे पुलिस थाने में पानी घुस गया। पुलिस उसी हालत में काम करती रही। मध्य रेलवे नेटवर्क के कल्याण और ठाकुरली स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा।

अधिकारियों ने कहा कि सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में टापू वाले शहर में औसतन 135 मिलीमीटर, पूर्वी मुंबई में 154 मिलीमीटर और पश्चिमी मुंबई में 137 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मुंबई और उपनगरों में ऊंचे ज्वार और भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच किसी भी हालत से निपटने के लिए एनडीआरएफ की तीन टीम तैनात की गई हैं।

सोमवार सुबह आठ बजे से अगले 24 घंटों के पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने शहर और उपनगरों में तेज बारिश की संभावना जताई है। दोपहर 12.59 बजे 4.59 मीटर ऊंचे ज्वार की संभावना है।

मालाबार और मुलुंड हिल में सुबह छह से सात बजे के बीच 34 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भांडुप में 29 मिलीमीटर, वडाला पूर्व में 24 मिलीमीटर और वर्सोवा में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

पश्चिम रेलवे ने कहा कि सोमवार सुबह लोकल ट्रेन सामान्य रूप से चल रही थीं। हालांकि, यात्रियों ने कहा कि ट्रेनें पांच से 10 मिनट देरी से चल रही थीं।

मध्य रेलवे ने कहा कि सभी चार गलियारों में सेवाएं सामान्य थीं। हालांकि यात्रियों ने कहा कि सुबह के व्यस्त समय में कल्याण और ठाकुर्ली स्टेशनों के बीच खराब सिग्नल से ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा। 

एक यात्री ने बताया कि कई यात्री पटरियों पर चल रहे थे, क्योंकि ट्रेनें लंबे समय तक रुकी हुई थीं। एक अधिकारी ने कहा कि बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) की बसों को डायवर्ट नहीं किया गया है।

संजय गांधी नेशनल पार्क से निकलने और माहिम में अरब सागर से मिलने वाली मीठी नदी रविवार से उफान पर है। 

महाराष्ट्र के दूसरे हिस्सों, कोंकण और विदर्भ में पिछले सप्ताह के अंत से भारी बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं।