Breaking News

पटना में राजभवन मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए तेजस्वी यादव     |   बागवान के पास मलबा गिरने के कारण बद्रीनाथ-केदारनाथ हाइवे-07 अवरुद्ध     |   चार रेलवे प्रोजेक्ट और एक हाईवे परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी     |   दिल्ली: झारखंड बीजेपी के डेलिगेशन ने अमित शाह से की मुलाकात     |   दिल्ली: टिकरी कलां इलाके में CNG पंप पर ब्लास्ट, कई लोगों के घायल होने की खबर     |  

महाराष्ट्र: पिंपरी चिंचवड़ में युवती की गोली मारकर हत्या, आरोपित मुंबई से गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 26 साल की एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवती आईटी प्रोफेशनल थी। हत्या का आरोप उसके पुरुष दोस्त पर लगा है। पुलिस ने रविवार को ये जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वारदात शनिवार को पिंपरी चिंचवाड़ के हिंजवडी इलाके में एक लॉज में हुई और पुलिस को रविवार की सुबह वारदात की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि हत्या का मकसद अभी पता नहीं चल सका है।

सीनियर पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपित की पहचान ऋषभ निगम के रूप में हुई है और उसे मुंबई में हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपित और पीड़िता उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि महिला हिंजवडी में एक आईटी कंपनी में काम करती थी और आरोपित उत्तर प्रदेश में रहता था।

पुलिस उपायुक्त बापू बांगर ने कहा, ‘‘आरोपित उत्तर प्रदेश से आया था और हिंजवडी में एक लॉज में रह रहा था, जहां उसने महिला को बुलाया था। शुरूआती जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात उसने महिला को गोली मार दी और फरार हो गया। हमें वारदात के बारे में आज सुबह पता चला।’’

उन्होंने कहा कि वारदात के बाद आरोपित की तलाश शुरू की गई तो पुलिस ने लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर आरोपित को मुंबई में गिरफ्तार कर लिया औऱ अब मामले में आगे की जांच के लिए उसे पुणे लाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हत्या का मकसद अभी साफ नहीं हुआ है। इस संबंध में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।’’