Breaking News

‘न कोई सरप्लस तेल, न मार्केट के लिए स्टॉक’, US की छूट पर ईरान का पलटवार     |   पंजाब: मंत्री लालजीत भुल्लर ने दिया इस्तीफा     |   स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज एक निश्चित समय पर अपने आप खुल जाएगा: ट्रंप     |   उत्तरी इराक में इराक के शिया पॉपुलर मोबिलाइज़ेशन फोर्सेज के मुख्यालय पर हवाई हमले     |   अगर हमारे आइलैंड पर हमला हुआ, तो निशाना बनेगा रास अल खैमाह: ईरान     |  

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज, सुबह छाया कोहरा

Delhi News: दिल्ली में शनिवार सुबह कोहरे की चादर छाई रही और शहर में ठंडी हवा चलने के बीच न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 94 यानी संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया।

बारिश की वजह से शुक्रवार को वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ और एक्यूआई 93 दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में करीब पांच महीने बाद लोगों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका मिला। इससे पहले शहर में ऐसी वायु गुणवत्ता नौ अक्टूबर 2025 को दर्ज की गई थी जब एक्यूआई 99 था।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार शनिवार से 23 मार्च तक वायु गुणवत्ता के ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शहर में शुक्रवार को सात मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी लेकिन शनिवार सुबह बारिश नहीं हुई।
शहर में इस महीने 16.2 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई जिससे यह 2023 के बाद सबसे अधिक वर्षा वाला मार्च का महीना बन गया है। 2023 में औसत बारिश 50.4 मिलीमीटर हुई थी।

पूर्वानुमान के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश होने और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। सफदरजंग केंद्र में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 9.6 डिग्री कम है। यह आठ मार्च 2020 के बाद मार्च का सबसे ठंडा दिन रहा जब 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।