नई दिल्ली में छठ महापर्व से पहले गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर पर बने छठ घाट का उद्घाटन किया। इस दौरान नितिन नवीन ने दिल्ली सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि अब राजधानी में पूर्वांचल के लोगों को छठ पर्व मनाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ व्रतियों, सनातन परंपरा में विश्वास रखने वालों और पूर्वांचल के लोगों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने इस काम के लिए मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अधिकारियों को बधाई दी।
मुनक नहर के 11 किलोमीटर हिस्से में हुआ विकास कार्य
नितिन नवीन ने कहा कि मुनक नहर के 11 किलोमीटर लंबे हिस्से में हुए विकास कार्य से दिल्ली के वातावरण में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने नहर के साफ और स्वच्छ पानी की तारीफ करते हुए कहा कि छठ जैसे पवित्र पर्व से पहले पानी की शुद्धता का विशेष महत्व है।
उन्होंने छठ महापर्व को अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति की पूजा का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
मिथिला की पाग को बताया संस्कृति और सम्मान का प्रतीक
नितिन नवीन ने कहा कि छठ पर्व किसानों के योगदान को भी याद करने का अवसर है। पूजा में फल, सब्जियों और पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ का विशेष महत्व है। उन्होंने मिथिला की पारंपरिक पाग का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारतीय और मिथिला संस्कृति के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि छठ के दौरान दिखाई देने वाली स्वच्छता और पवित्रता को पूरे साल अपने जीवन में बनाए रखें। उनके मुताबिक, यह पर्व सामाजिक भेदभाव को मिटाकर परिवारों और समुदायों को एक साथ जोड़ता है।
दिल्ली सरकार के कामों की तारीफ, पिछली सरकार पर साधा निशाना
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार पूर्वांचल के लोगों की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार आने के बाद अब दिल्ली में कोई भी पूर्वांचल के लोगों को छठ मनाने से नहीं रोक सकेगा।
नितिन नवीन ने महिलाओं के लिए अलग बस सेवा, अटल कैंटीन में 5 रुपये में भोजन और सड़कों के विकास जैसे कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आम लोगों की सुविधाओं के बजाय 'शीशमहल' बनाने को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर तालमेल को डबल इंजन सरकार का फायदा बताया। कहा कि हरियाणा से पानी मिलने के कारण दिल्ली में छठ पूजा की व्यवस्था हो पा रही है।
यमुना की सफाई को लेकर जताया भरोसा
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार यमुना की सफाई के लिए काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही पूरी यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाया जाएगा, ताकि वहां भी छठ महापर्व मनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने छठ पर्व से पहले पूर्वांचल के लोगों को शुभकामनाएं दीं।