Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

पंजाब चुनाव 2027: AAP ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, कई मौजूदा विधायकों के टिकट कटे

आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने कई मौजूदा विधायकों के टिकट काटकर नए चेहरों को मौका दिया है। इनमें पंजाब सरकार के एक कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं।

AAP के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता की ओर से जारी सूची में माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र की विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने 117 सीटों वाली पंजाब विधानसभा के चुनाव से पहले उम्मीदवारों के चयन में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं।

कई मौजूदा विधायकों की जगह नए उम्मीदवार

अमृतसर नॉर्थ सीट से पार्टी ने कुंवर विजय प्रताप सिंह की जगह करमजीत सिंह रिंटू को उम्मीदवार बनाया है। कुंवर विजय प्रताप सिंह हाल ही में बीजेपी में शामिल हो गए थे और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

तरनतारन जिले की पट्टी सीट से मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की जगह जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को टिकट दिया गया है। जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा की जगह नितिन कोहली को उम्मीदवार बनाया गया है।

चमकौर साहिब सीट से मौजूदा विधायक चरणजीत सिंह की जगह जसवीर सिंह गढ़ी को टिकट मिला है। जसवीर सिंह गढ़ी बहुजन समाज पार्टी (BSP) छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।

खरड़ और लंबी सीट पर भी बदले उम्मीदवार

खरड़ विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक अनमोल गगन मान की जगह परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है। मुक्तसर जिले की लंबी सीट से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट काटकर उनके रिश्तेदार रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा बठिंडा ग्रामीण सीट से मौजूदा विधायक अमित रतन की जगह गोपाल सिंह और शुतराना सीट से कुलवंत सिंह बाजीगर की जगह वनींदर कौर लूंबा को उम्मीदवार बनाया गया है।

117 सीटों के लिए चुनाव की तैयारी में जुटी AAP

31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची के साथ ही आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवार चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है। सूची में कई मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरों को मौका दिया गया है। इससे साफ है कि पार्टी 2027 के चुनाव से पहले अपने उम्मीदवारों में बड़े बदलाव कर रही है।