Delhi: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से लोगों को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है। बुधवार सुबह हवा की गुणवत्ता में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 7 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 214 रहा। इसके साथ ही राजधानी की हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है।
इससे पहले मंगलवार शाम 4 बजे जारी CPCB की रिपोर्ट में दिल्ली का औसत AQI 204 दर्ज किया गया था। यानी एक दिन के भीतर प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को उत्तम नगर की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही, जहां AQI 399 दर्ज किया गया। यह इलाका बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है।
दिल्ली के कई दूसरे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। बुराड़ी क्रॉसिंग में AQI 286, चांदनी चौक में 292, वजीरपुर में 242, अलीपुर में 235, रोहिणी में 231, सोनिया विहार में 232, नरेला में 218, आनंद विहार में 208 और नांगलोई में 207 दर्ज किया गया। ये सभी इलाके खराब श्रेणी में रहे।
हालांकि, राजधानी के कुछ हिस्सों में हवा की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर रही। वसुंधरा एन्क्लेव में AQI 143, लोधी रोड में 139, श्री अरबिंदो मार्ग में 167, आरके पुरम में 182 और आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 197 दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा मध्यम श्रेणी में रही।
दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां हटीं
इस बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने 17 नवंबर को दिल्ली-NCR में GRAP के तीसरे चरण की पाबंदियां हटाने का फैसला लिया था। आयोग ने हवा की गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए यह कदम उठाया। इसके बाद दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूलों में सभी कक्षाएं फिर से सामान्य रूप से ऑफलाइन संचालित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों को आदेश दिया कि इस फैसले की जानकारी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। हालांकि, GRAP के पहले और दूसरे चरण के तहत लागू प्रतिबंध अभी जारी रहेंगे।
क्या हैं GRAP के चार चरण?
दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) लागू किया जाता है। इसके तहत हवा की गुणवत्ता बिगड़ने के साथ ही पाबंदियां भी सख्त होती जाती हैं।
- GRAP-1: AQI 201 से 300 के बीच होने पर लागू होता है। इसमें सड़कों की धूल कम करने, प्रदूषण फैलाने वाले नियमों का पालन कराने और खुले में कचरा जलाने पर रोक जैसे कदम उठाए जाते हैं।
- GRAP-2: AQI 301 से 400 के बीच होने पर इसके तहत धूल नियंत्रण के उपाय बढ़ाए जाते हैं। पार्किंग शुल्क बढ़ाने और कार्यालयों के समय में बदलाव जैसे कदम भी शामिल हैं।
- GRAP-3: AQI 401 से 450 के बीच पहुंचने पर सख्त पाबंदियां लगाई जाती हैं। निर्माण कार्यों पर रोक, वाहनों पर प्रतिबंध और स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई जैसे कदम उठाए जाते हैं।
- GRAP-4: AQI 450 से ऊपर जाने पर सबसे कड़े प्रतिबंध लागू होते हैं। इसमें भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक और यातायात व औद्योगिक गतिविधियों पर आपातकालीन पाबंदियां शामिल हैं।
फिलहाल दिल्ली में GRAP के पहले और दूसरे चरण की कार्रवाई जारी है। ऐसे में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।