लखनऊ में गोमती नदी के किनारे स्थित 1090 चौराहे पर मंगलवार को ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शनी के जरिए लोगों को उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद हुए बदलावों और प्रदेश की नई पहचान से रूबरू होने का मौका मिला। यहां पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल की सराहना की और अपने विचार भी साझा किए।
प्रदर्शनी में लगाए गए कैनवास पर लोगों ने अपने अनुभव और भावनाएं लिखीं। इस दौरान ‘रंग दे बसंती’ मंच पर संगीत और भक्ति का खास माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में आध्यात्मिक भजनों के साथ सूफी संगीत और भारतीय संस्कृति की झलक भी दिखाई दी।
विधायक अशोक कुमार ने भी देखी प्रदर्शनी
‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। सलोन से विधायक अशोक कुमार भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आए बदलावों पर अपने विचार रखे।
अशोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प, लोगों से संवाद और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता ने प्रदेश के करीब 25 करोड़ लोगों के जीवन पर असर डाला है। उन्होंने राज्य की बदलती पहचान को भी रेखांकित किया।
लोगों ने कैनवास पर लिखे अपने विचार
प्रदर्शनी देखने आए लोगों ने मुख्यमंत्री की पहल को लेकर अपनी राय लिखी। लखनऊ की अमृता साहू ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन और उनके विचार लोगों को दिशा देते हैं। वहीं अलीगढ़ के चंद्र प्रकाश सिंह ने ‘योगी की पाती’ को जनता तक अपनी बात पहुंचाने और संवाद कायम करने का अच्छा माध्यम बताया।
महेश चंद्र विंद ने भी मुख्यमंत्री की विचारधारा से प्रदेश के लोगों के प्रभावित होने की बात लिखी। इनके अलावा कई अन्य लोगों ने कैनवास पर अपने विचार और अनुभव साझा किए।
भजनों पर देर रात तक झूमते रहे युवा
कार्यक्रम के सांस्कृतिक हिस्से में ‘रंग दे बसंती’ मंच पर आरजे प्रतीक ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। उन्होंने ‘गाइये गणपति जगवंदन’, ‘हनुमान चालीसा’, ‘श्रीराम-जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ और ‘हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय’ जैसे भजन सुनाए।
इसके अलावा ‘ॐ नमः शिवाय’, ‘वृंदावन जाऊंगी- कभी न लौटकर आऊंगी’ और गोपाष्टमी से जुड़े भजन ‘छोटी सी गैया-छोटे छोटे ग्वाल’ की प्रस्तुति भी दी गई। भजनों की धुन पर युवा देर रात तक झूमते रहे। संगीत में आर्यन ने गिटार, अर्जुन ने कीबोर्ड और विट्ठल ने ड्रम पर संगत की।
क्विज प्रतियोगिता में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
कार्यक्रम के दौरान लोगों के लिए क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई। इसमें सही जवाब देकर विनायक, आयुष पटेल और शिवम माधव विजेता बने। कार्यक्रम के समापन पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने गायकों, वाद्ययंत्र बजाने वाले कलाकारों और क्विज के विजेताओं को सम्मानित किया।