होली के त्योहार से पहले राजस्थान के जयपुर में एक मुस्लिम परिवार गुलाल गोटा की मांग को पूरा करने में व्यस्त है। गुलाल गोटा लाख से बनी छोटी गोल आकार की हल्की और सजावटी गेंद होती है। इसमें सूखा रंग भरा होता है। जमीर अहमद का परिवार सात पीढ़ियों से गुलाल गोटा बनाने का काम करता आया है। वे बताते हैं कि ये परंपरा तब शुरू हुई जब राजाओं ने स्थानीय कारीगरों से होली के त्योहार के लिए कुछ विशेष और अनोखा बनाने का अनुरोध किया।
लाख के उत्पाद बनाने में माहिर मनिहारों के परिवार और कारीगर जिस जगह पर रहते हैं उस सड़क का नाम उनके शिल्प पर रखा गया है। जयपुर में पारंपरिक रूप से बनने वाले गुलाल गोटा देश भर के बाजारों में पहुंचते हैं। इसे बनाने के काम में जुटे लोगों के मुताबिक होली के दौरान उनके उत्पाद भारत के अलग-अलग हिस्सों में भेजे जाते हैं। देश भर में इस साल होली 14 मार्च को मनाई जाएगी।