उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। योगी सरकार के निर्देश पर गुरुवार को 9 IPS अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की गई। इस फेरबदल में चर्चित IPS अधिकारी केके बिश्नोई और मेरठ के थप्पड़ कांड से सुर्खियों में आए SSP अविनाश पांडे का नाम भी शामिल है। वहीं, सुल्तानपुर की SP चारु निगम को भी उनके पद से हटाकर यूपी 112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
मेरठ के SSP अविनाश पांडे का भी तबादला कर दिया गया है। वह पिछले दिनों एक प्रदर्शनकारी को पुलिस वैन के अंदर थप्पड़ मारने के मामले को लेकर चर्चा में आए थे। अब उन्हें पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर संबद्ध किया गया है। उनकी जगह BBGTS मूर्ति को मेरठ का नया SSP बनाया गया है।
सुल्तानपुर की SP चारु निगम को हटाकर यूपी 112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है। उनकी जगह विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का नया SP बनाया गया है। विनीत जायसवाल इससे पहले गोंडा के SP के पद पर तैनात थे। विनीत जायसवाल के तबादले के बाद गोंडा की जिम्मेदारी बिजनौर के SP अभिषेक झा को दी गई है। उन्हें गोंडा का नया SP बनाया गया है।
2018 बैच के IPS अधिकारी केके बिश्नोई को संभल के SP पद से हटाकर बिजनौर का SP बनाया गया है। वहीं विकास चंद्र त्रिपाठी को पहली बार जिले की कमान सौंपी गई है। उन्हें संभल का नया SP बनाया गया है। विकास चंद्र त्रिपाठी इससे पहले बाराबंकी के SP थे। इसके अलावा 2017 बैच के IPS अधिकारी विकास कुमार का बलरामपुर SP पद से तबादला कर उन्हें झांसी का नया SSP बनाया गया है। वहीं, मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का नया SP बनाया गया है। वह इससे पहले हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे।