Breaking News

मेघालय कोयला खदान हादसे पर अमित शाह ने CM से बात की     |   ट्रंप के दामाद जेयर्ड कुश्नर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ कतर पहुंचे     |   मुंबई का मेयर चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा     |   UPSC सिविल सेवा प्री-एग्जाम 24 मई को, उम्मीदवारों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य     |   बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |  

‘खेलो इंडिया बीच गेम्स’ का आयोजन 5 जनवरी से, ‘संडेज ऑन साइकिल’ की पहली वर्षगांठ का मनेगा जश्न

New Delhi: खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को घोषणा की कि खेलो इंडिया बीच गेम्स (तटीय खेलों) का दूसरा सत्र पांच से 10 जनवरी तक दीव के ब्लू फ्लैग घोगला बीच पर आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के साथ ही वार्षिक खेलो इंडिया प्रतियोगिता कैलेंडर की औपचारिक शुरुआत होगी।

मांडविया ने यहां एक बातचीत में कहा, ‘‘ इन खेलों में 800 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है। आयोजन में इसके अलावा 250 से अधिक सहायक कर्मचारियों, 200 से अधिक तकनीकी अधिकारियों के साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतियोगिता प्रबंधकों का सहयोग प्राप्त होगा।’’

इस आयोजन में छह मुख्य खेलों (बीच फुटबॉल, बीच वॉलीबॉल, बीच सेपक टकरा, बीच कबड्डी, पेनकैक सिलाट और ‘ओपन वॉटर’ तैराकी) के साथ ही दो प्रदर्शन खेल (मल्लखंब और रस्साकशी) को शामिल किया गया हैं। खेल मंत्री ने कहा, ‘‘पहले केआईबीजी में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत भागीदारी देखने को मिली। इसमें मणिपुर और नगालैंड जैसे गैर-तटीय राज्य शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहे। यह समावेशी और भौगोलिक रूप से तटस्थ खेल अवसरों को दिखाते है।’’

ये खेल खुली आयु वर्ग में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें खिलाड़ियों का नामांकन राष्ट्रीय खेल संघों द्वारा राष्ट्रीय चैंपियनशिप और योग्यता-आधारित चयन प्रक्रियाओं के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल (रविवार को साइकिल चलाना)’ की पहली वर्षगांठ 21 दिसंबर को तटीय शहर पुडुचेरी में मनाई जाएगी। पिछले एक साल में इसके 50 से अधिक सत्र आयोजित हो चुके हैं, जिनमें कारगिल से कन्याकुमारी और कोकराझार से राजनांदगांव जैसे स्थान शामिल हैं।

मांडविया के साथ पुडुचेरी में खेल रत्न पुरस्कार विजेता पीआर श्रीजेश और शरथ कमल और विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली जूनियर पुरुष हॉकी टीम सहित बाकी लोग शामिल होंगे। पिछले एक साल में इस अभियान में सशस्त्र बलों, डॉक्टरों और पत्रकारों सहित कई समूहों ने भाग लिया है।