Breaking News

सांसद पप्पू यादव को दो दिन की न्यायिक हिरासत, PMCH में एडमिट     |   रूस का यूक्रेन के ऊर्जा सेक्टर पर बड़ा हमला, 400 ड्रोन और 40 मिसाइल दागीं     |   मलेशिया के कुआलालंपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   जेम्स-डायमंड, फार्मा और मेड-इन-इंडिया स्मार्टफोन पर 0% शुल्क लगेगा- पीयूष गोयल     |   '30 ट्रिलियन डॉलर का अमेरिकी बाजार भारतीय निर्यातकों के लिए खुला', बोले पीयूष गोयल     |  

इलाहाबाद हाई कोर्ट से क्रिकेटर यश दयाल को राहत, यौन शोषण मामले में गिरफ्तारी पर रोक लगाई

Uttar Pradesh: इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एक महिला से यौन शोषण के आरोप में क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में उनकी गिरफ्तारी पर मंगलवार को रोक लगा दी। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति अनिल कुमार की पीठ ने ‘रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु’ (आरसीबी) के लिए खेलने वाले 27 वर्षीय दयाल द्वारा दायर उस याचिका पर यह आदेश पारित किया जिसमें उन्होंने मामले में अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध किया था। 

याचिकाकर्ता के वकील गौरव त्रिपाठी ने बताया कि अदालत ने यश दयाल की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है और अगली सुनवाई तक कोई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है। दयाल के खिलाफ प्राथमिकी छह जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (झांसा देकर यौन संबंध बनाने) के तहत गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना में दर्ज की गई थी जिसमें एक महिला ने दयाल पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। 

शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों करीब पांच साल पहले मिले थे और दयाल ने उससे शादी करने का वादा किया था। कथित पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि दयाल शादी करने का उसका प्रस्ताव टालता रहा और अंततः उसे पता चला कि दयाल का अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध है। यह शिकायत शुरुआत में मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत निपटान पोर्टल (आईजीआरएस) पर 21 जून को की गई थी।