Breaking News

ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |   80वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं     |   स्वतंत्रता दिवस पर अमेरिकी विदेश मंत्री की भारत को बधाई     |   स्वतंत्रता दिवस पर गृह मंत्री अमित शाह ने दी शुभकामनाएं, वीर शहीदों को किया नमन     |   लाल किले पर PM मोदी ने फहराया तिरंगा     |  

साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने रचा इतिहास, IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ी बनी

आईपीएल 2025: सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के शतक और कप्तान शुभमन गिल के साथ उनकी अटूट दोहरी शतकीय साझेदारी से गुजरात टाइटंस ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को 10 विकेट से रौंद दिया। इसी के साथ ही गिल और सुदर्शन आईपीएल के इतिहास में गुजरात टाइटंस की सबसे भरोसेमंद जोड़ी बन गई है।

ग्राउंड पर दोनों के बीच की केमिस्ट्री ने स्थिरता, संतुलन और दबाव से निपटने की नई परिभाषा लिखी है, जिसके बाद ये कहना गलत नहीं होगा कि वो लीग की अब तक की सबसे बेहतरीन भारतीय जोड़ी बन गई है। 
गुजरात टाइटंस के गिल और सुदर्शन की जोड़ी ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की। 

जीत के लिए 200 रनों का पीछा करते हुए सुदर्शन ने नाबाद 108 और गिल ने नाबाद 93 रन बनाए और 205 रन की अटूट साझेदारी से 19 ओवर में बिना विकेट खोए 205 रन बनाकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। सुदर्शन ने 12 चौके और चार छक्के लगाए, जबकि गिल ने नाबाद साझेदारी के दौरान सात छक्के और तीन चौके लगाए। 

गिल और सुदर्शन ने एक साथ सिर्फ 30 पारियों में 68.44 की औसत से 1,985 रन बनाए हैं, जिसमें सात शतकीय साझेदारी और 200 या उससे ज्यादा की दो साझेदारी शामिल हैं। इस जोड़ी ने इस सीजन में अब तक कुल 839 रन बनाए हैं, इसके साथ ही वो आईपीएल के अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय जोड़ी बन गई है। उन्होंने 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शिखर धवन और पृथ्वी शॉ के 744 रनों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

सुदर्शन और गिल ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 59 रन बनाकर टाइटंस को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। गिल ने धीमी शुरुआत की लेकिन सुदर्शन शानदार लय में नजर आए। सुदर्शन ने अक्षर के पहले ओवर में चौके से खाता खोला जबकि गिल ने बाएं हाथ के इस स्पिनर पर छक्का जड़ा।

गुजरात टाइटंस को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 46 रन की दरकार थी। सुदर्शन ने मुस्ताफिजुर पर दो चौके जड़े जबकि गिल ने अगले ओवर में नटराजन पर चौका और छक्का मारा। सुदर्शन ने कुलदीप पर छक्के जड़ने के बाद विपराज की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाकर टाइटंस को जीत दिला दी।