इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Awarapan 2’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को मुंबई के दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। दर्शकों ने इमरान हाशमी की दमदार एक्टिंग, कहानी, संगीत और फिल्म के एक्शन-थ्रिलर अंदाज की जमकर तारीफ की है। फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों ने कहा कि इमरान हाशमी इस बार बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए हैं। उनके लुक और किरदार में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दर्शकों ने यह भी कहा कि फिल्म इमरान की उस पुरानी छवि से काफी अलग है, जिसमें उन्हें रोमांटिक और किसिंग सीन के लिए जाना जाता था।
एक महिला दर्शक ने कहा, “मैं इमरान हाशमी की बहुत बड़ी फैन हूं। इस फिल्म में उनका लुक पूरी तरह बदल गया है। फिल्म बहुत अच्छी है और गाने भी शानदार हैं। पिछली फिल्म के मुकाबले इसमें कुछ नया देखने को मिलता है।” एक अन्य दर्शक ने फिल्म की कहानी, गाने और एक्टिंग की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म में सब कुछ अच्छा है। वहीं, कुछ दर्शकों ने दिशा पाटनी की एक्टिंग को भी काफी पसंद किया।
दर्शकों के बीच इमरान हाशमी का नया अवतार सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। एक फैन ने कहा, “पहले हम उन्हें सीरियल किसर के तौर पर जानते थे, लेकिन अब उनकी एक्टिंग बहुत अच्छी हो गई है।” एक अन्य फैन ने कहा कि इमरान का किरदार काफी इंटेंस है और फिल्म में उनका एक्शन-थ्रिलर अंदाज देखने को मिलता है। उन्होंने फिल्म को एक शब्द में ‘ब्लॉकबस्टर’ बताया।
दर्शकों ने फिल्म के विजुअल्स और सपोर्टिंग एक्टर्स के काम की भी तारीफ की। एक दर्शक ने पूरन गब्बी की एक्टिंग को खास तौर पर पसंद किया और कहा कि फिल्म की कहानी में एक संदेश भी है। ‘Awarapan 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी एक्शन से भरपूर भूमिका में नजर आ रही हैं। वह फिल्म में जारा का किरदार निभा रही हैं। वहीं, दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी विलेन नफीसा की भूमिका में हैं।
फिल्म में पूरन गब्बी, अनिरुद्ध रावल, सुरेंद्र विक्की, विजयंता कोहली और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में हैं। दर्शकों के मुताबिक, फिल्म की कहानी पहली फिल्म से थोड़ी अलग है। एक दर्शक ने बताया कि पहली ‘Awarapan’ में इमरान का किरदार किसी को आजाद कराने के लिए लड़ता था, जबकि इस बार कहानी में वह एक बच्चे की आजादी के लिए संघर्ष करता नजर आता है।
‘Awarapan 2’ में संगीत को भी काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म का म्यूजिक मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक, अंकित सचदेव और वसीफ अहमद ने तैयार किया है। वहीं, गाने सईद कादरी, राशमी विराग, अखिल सचदेवा और सचिन सिंह चंदेल ने लिखे हैं। फिल्म के रिलीज से पहले ‘Ve Junoon’, ‘Yeh Awarapan’ और ‘Toh Phir Aao’ जैसे गाने रिलीज किए जा चुके हैं।
‘Awarapan 2’ साल 2007 में आई फिल्म ‘Awarapan’ का सीक्वल है। सीक्वल की कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। फिल्म को नितिन कक्कड़ ने निर्देशित किया है और इसे विशेष फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। इसे मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स प्रस्तुत कर रहे हैं। सीक्वल की रिलीज से पहले 2007 की ओरिजिनल ‘Awarapan’ को 31 जुलाई 2026 को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। इसका मकसद दर्शकों को फिल्म की पुरानी यादें ताजा कराने के साथ ‘Awarapan 2’ के लिए माहौल तैयार करना था। फिलहाल मुंबई के सिनेमाघरों से सामने आई प्रतिक्रियाओं में दर्शकों ने फिल्म की कहानी, एक्शन, संगीत और खासकर इमरान हाशमी के नए और इंटेंस अंदाज को खूब पसंद किया है।