Breaking News

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन पहुंचे     |   पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को उम्रकैद की सजा     |   राहुल गांधी आज शाम 5.30 बजे खड़गे से करेंगे मुलाकात     |   करनाल: सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग     |   भोपाल: निशातपुरा इलाके में लगी आग, चपेट में कमर्शल बिल्डिंग     |  

विजय सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत किया हासिल, AIADMK के बागी गुट ने दिया समर्थन

Tamil Nadu: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार ने बुधवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। सरकार को कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और एस.पी. वेलुमणि और सी.वी. षणमुगम के नेतृत्व वाले एआईएडीएमके के बागी गुट का समर्थन मिला।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री विजय ने विश्वास प्रस्ताव पेश किया, जिस पर सभी दलों के विधायकों ने चर्चा में भाग लिया। विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर ने मतों के विभाजन के बाद परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 144 विधायकों ने मतदान किया, जबकि 22 विधायकों ने इसका विरोध किया।

पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) और भारतीय जनता पार्टी सहित पांच विधायक तटस्थ रहे। मुख्य विपक्षी दल द्रविड मुन्नेत्र कषगम ने मतदान से पहले ही सदन से बहिर्गमन किया। अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) से निष्कासित विधायक एस. कामराज ने भी सरकार के पक्ष में मतदान किया।

विश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विजय ने विपक्ष द्वारा लगाए गए विधायकों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स-ट्रेडिंग) के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार "घोड़े जैसी रफ्तार" (हॉर्स-स्पीड) से काम करना चाहती है और खरीद-फरोख्त में विश्वास नहीं रखती।

मुख्यमंत्री ने सदन को आश्वासन दिया कि उनकी सरकार हमेशा धर्मनिरपेक्ष रहेगी और पिछली सरकारों द्वारा शुरू की गई जनहितकारी योजनाओं को जारी रखेगी।