यूक्रेन की सरकारी रेलवे कंपनी उक्रजालिज्नित्सिया ने बताया कि रविवार को यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास एक ट्रेन पर रूसी ड्रोन से हमला किया गया। इस ट्रेन में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ड्ट और यूरोपीय संघ के कई देशों के सुरक्षा सलाहकार सवार थे। हालांकि, हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
उक्रजालिज्नित्सिया के मुताबिक, बोरिस जॉनसन, कार्ल बिल्ड्ट और अन्य यूरोपीय अधिकारियों को लेकर चल रही डिप्लोमैटिक ट्रेन को सुरक्षा कारणों से याहोदिन स्टेशन से तय समय से पहले रवाना कर दिया गया था। ये सभी अधिकारी कीव में आयोजित एक सुरक्षा सम्मेलन से लौट रहे थे। रेलवे कंपनी ने टेलीग्राम पर बताया, "इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि रूसी ड्रोन का असली निशाना वही डिप्लोमैटिक ट्रेन थी, जो तय समय से पहले स्टेशन से निकल गई थी।"
स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ड्ट ने याहोदिन स्टेशन पर हुए हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किया। यह स्टेशन पोलैंड के साथ याहोदिन-डोरोहुस्क बॉर्डर क्रॉसिंग के पास स्थित है। बिल्ड्ट ने बताया कि ड्रोन ने जिस ट्रेन को निशाना बनाया, वह उनकी ट्रेन नहीं थी। उन्होंने कहा, "यह हमारी ट्रेन नहीं थी, बल्कि हमारे ठीक बाद पोलैंड बॉर्डर क्रॉसिंग की ओर आ रही ट्रेन थी।
रूसी ड्रोन के पास आने की सूचना मिलते ही ट्रेन को खाली करा लिया गया, जिससे किसी को चोट नहीं आई। सुरक्षा व्यवस्था काफी अच्छी थी। हमारी ट्रेन को सिर्फ खाली करने की चेतावनी मिली थी।" बिल्ड्ट और जॉनसन समेत उनके साथी यात्री कीव में आयोजित 'याल्टा यूरोपियन स्ट्रैटेजी कॉन्फ्रेंस' में शामिल होने पहुंचे थे। यह राजनीति, व्यापार, सुरक्षा और मीडिया से जुड़े नेताओं और विशेषज्ञों का वार्षिक सम्मेलन है।
उक्रजालिज्नित्सिया के अनुसार, जब ड्रोन हमला हुआ, उस समय सीआईए के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रियस को लेकर जा रही एक अन्य ट्रेन भी याहोदिन स्टेशन पर खड़ी थी। हालांकि, किसी भी ट्रेन में सवार यात्रियों के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली। रेलवे कंपनी ने कहा कि रूसी हमलों से बचने के लिए वह लगातार ट्रेनों के समय में बदलाव करती रहती है।
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर हमले को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "मुझे नहीं पता कि किस अजीब सोच के चलते पुतिन ने आज सुबह पोलैंड बॉर्डर के पास खड़ी यूक्रेनी ट्रेन के इंजन को उड़ा दिया।" जॉनसन ने आगे कहा कि यह "बेमतलब और बिना सोचे-समझे किया गया हमला" है, जिसका सामना यूक्रेन के लोग हर दिन कर रहे हैं। इससे पहले रविवार को यूक्रेनी बॉर्डर गार्ड्स ने बताया था कि एक रूसी ड्रोन ने पोलैंड सीमा से एक मील से भी कम दूरी पर एक ट्रक को निशाना बनाया। इस हमले के बाद याहोदिन-डोरोहुस्क बॉर्डर क्रॉसिंग को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था।