Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

अहमदाबाद में अमित शाह ने किया नए ओवरब्रिज का उद्घाटन, AMC की कई विकास परियोजनाओं की भी देंगे सौगात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को गुजरात के अहमदाबाद में ISKCON-साणंद नेशनल हाईवे पर नवनिर्मित ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। इस ओवरब्रिज के शुरू होने से इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा अमित शाह दिन में अहमदाबाद नगर निगम (AMC) की कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें श्रीनाथ फाउंडेशन के सहयोग से AMC द्वारा बनाया गया नॉलेज हब सेंटर, नया अर्बन हेल्थ सेंटर और रामापीर नो टेकरी के पुनर्वास के तहत बनाए गए आवास शामिल हैं।

इससे पहले 7 नवंबर को अमित शाह ने अहमदाबाद में एक उच्चस्तरीय बैठक कर राज्य की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की थी। दिवाली से पहले हुई इस बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्रालय, राज्य के गृह विभाग और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इसमें हिस्सा लिया।

बैठक में कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, पुलिस आधुनिकीकरण, सीमा और तटीय सुरक्षा, मादक पदार्थों पर नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, फॉरेंसिक मामलों और आतंकवाद से निपटने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा अंतरराज्यीय सहयोग, आपराधिक न्याय व्यवस्था, नागरिकता संशोधन कानून (CAA), जनगणना, अग्निवीर योजना, जेल प्रशासन और विशेष अदालतों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बैठक में गुजरात की मौजूदा स्थिति और कानून-व्यवस्था से जुड़े कामकाज की जानकारी दी। अमित शाह ने राज्य में सूखे की स्थिति, किसानों की समस्याओं, सीमावर्ती जिलों की स्थिति और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर भी राज्य सरकार को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में विदेशी नागरिकों के ठहरने की अवधि, उनकी पहचान के लिए फॉरेनर्स आइडेंटिफिकेशन पोर्टल के इस्तेमाल, CAA के तहत जिलेवार नागरिकता आंकड़ों और फरार अपराधियों के प्रत्यर्पण से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा हुई। इसके साथ ही जिला पुलिस मॉड्यूल और PSARA पोर्टल की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अमित शाह ने वर्ष 2029 तक 'नशा मुक्त भारत' बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गुजरात में मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।