हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस ने दिवाली के मौके पर अपने भारतीय फैंस को खास सरप्राइज दिया है। दोनों अभिनेताओं ने एक वीडियो संदेश के जरिए भारत के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। वे जल्द ही मार्वल की आने वाली फिल्म 'Avengers: Doomsday' में नजर आएंगे।
वीडियो में रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस ने भारतीय दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, "नमस्ते इंडिया! हमें दिवाली की सबसे अच्छी बात यह लगती है कि यह एक अध्याय के खत्म होने और दूसरे की शुरुआत का प्रतीक है। हम इस बारे में काफी कुछ जानते हैं। हालांकि, अंधेरे से रोशनी की ओर जाने के बजाय, मुझे लगता है कि इस बार दिशा उलटी हो सकती है। हैप्पी दिवाली! हम आपसे 'Avengers: Doomsday' में मिलेंगे।"
अमेरिका से पहले भारत में रिलीज होगी फिल्म
भारतीय दर्शकों के लिए एक और अच्छी खबर है। 'Avengers: Doomsday' अमेरिकी रिलीज से एक दिन पहले भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इससे भारत के फैंस को अमेरिकी दर्शकों से पहले फिल्म देखने का मौका मिलेगा।
फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, रॉबर्ट डाउनी जूनियर इसमें डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे, जो सुपरहीरोज के सामने एक बड़े और खतरनाक दुश्मन के रूप में आएगा। वहीं, क्रिस इवांस स्टीव रोजर्स की भूमिका में दिखाई देंगे।
ट्रेलर में दिखी डॉक्टर डूम की ताकत
फिल्म के मेकर्स ने हाल ही में इसका दूसरा ट्रेलर जारी किया था। डिज्नी के D23 फैन इवेंट में दिखाए गए करीब दो मिनट के इस ट्रेलर में डॉक्टर डूम का सामना फैंटास्टिक फोर, एवेंजर्स और एक्स-मेन जैसे सुपरहीरोज से होता नजर आता है।
ट्रेलर में डॉक्टर डूम की झलक और सुपरहीरोज के साथ उसकी टक्कर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, फिल्म के प्लॉट से जुड़ी बाकी जानकारियों को अभी गोपनीय रखा गया है।
दिवाली की शुभकामनाओं के साथ रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस के इस संदेश ने भारतीय मार्वल फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।