Breaking News

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चमोली टनल हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया     |   जुलाई में थोक मूल्य महंगाई में गिरावट, जुलाई में 0.9% घटकर 9.78 फीसदी रही     |   आरजी कर रेप-मर्डर केस: पूर्व TMC MLA निर्मल घोष पर पुलिस स्टेशन के बाहर भीड़ का हमला     |   आर्मी चीफ ने CWG में शानदार प्रदर्शन करने वाले सेना के खिलाड़ियों से मुलाकात की     |   नैनीताल: रामगढ़ के पास टेम्पो ट्रैवलर खाई में गिरा, 20 लोग घायल, एक की हालत गंभीर     |  

नेपाल में ‘Gen G’ प्रदर्शन में 25 लोगों की मौत, 600 से अधिक घायल

नेपाल में पिछले दो दिनों से ‘जेन जी’ समूह के नेतृत्व में हुए हिंसक सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान तीन पुलिसकर्मी समेत कम से कम 25 लोग मारे गए। पुलिस और अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी। पुलिस और अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को संसद भवन के सामने प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 19 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर युवा थे।

नेपाल पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मंगलवार को काठमांडू के कोटेश्वर इलाके में भीड़ ने तीन पुलिसकर्मियों को मार डाला। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को कालीमाटी थाने पर पुलिस के साथ झड़प में तीन प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।

गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार प्रदर्शनों के दौरान 633 लोग घायल हुए। इस बीच नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी और विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा का एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। देउबा के बुधनीलकांठा स्थित आवास पर प्रदर्शनकारियों के हमले के दौरान वे घायल हो गए थे।

नेपाल सेना ने बुधवार को प्रदर्शनों की आड़ में संभावित हिंसा को रोकने के लिए देशव्यापी प्रतिबंधात्मक आदेश और उसके बाद कर्फ्यू लगा दिया। ये कदम बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के मद्देनजर प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली के इस्तीफे के एक दिन बाद उठाया गया।