मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर सोमवार, 16 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर सीएम योगी अपने सरकारी आवास पर 50 सप्ताह की यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही लखनऊ के 1090 परिसर में आयोजित विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
‘योगी की पाती’ के जरिए मुख्यमंत्री प्रदेश के 25 करोड़ परिवारजनों से सीधे संवाद करते हैं। इस पहल में प्रदेश के लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं, अपेक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को जगह दी गई है।
कॉफी टेबल बुक में दिखेगा 50 सप्ताह का सफर
‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर जारी होने वाली कॉफी टेबल बुक में मुख्यमंत्री के पत्रों के प्रमुख संदेशों और उनसे जुड़े जनहित के मुद्दों को संकलित किया गया है। इसमें किसान, नौजवान, महिलाएं, आस्था, विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
यह पुस्तक मुख्यमंत्री और जनता के बीच संवाद की इस पहल के सफर को दर्ज करेगी। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों की झलक भी देखने को मिलेगी।
1090 परिसर में लगेगी विशेष प्रदर्शनी
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से 1090 परिसर में विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह की यात्रा को चित्रों और रचनात्मक माध्यमों से दिखाया जाएगा।
प्रदर्शनी में अलग-अलग सप्ताहों की थीम, मुख्यमंत्री के संदेश और उनसे जुड़े जनसरोकारों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य इस पहल की मूल भावना को आम लोगों तक पहुंचाना है।
सात दिनों तक होंगी सांस्कृतिक संध्याएं
इस आयोजन के तहत एक सप्ताह तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी चलेगी। सात दिनों की सात सांस्कृतिक संध्याएं ‘योगी की पाती’ की अलग-अलग थीम पर आधारित होंगी।
-
सोमवार – मिट्टी की पाती: किसान, खेती और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन पर केंद्रित।
-
मंगलवार – बेटी की पाती: महिला सुरक्षा, सम्मान और बेटियों की आकांक्षाओं को समर्पित।
-
बुधवार – नौजवान की पाती: रोजगार, कौशल, मेहनत और युवाओं के सपनों पर आधारित।
-
गुरुवार – आस्था की पाती: अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक।
-
शुक्रवार – रफ्तार की पाती: एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों, मेट्रो और औद्योगिक विकास को दिखाया जाएगा।
-
शनिवार – सुकून की पाती: सुरक्षित उत्तर प्रदेश, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा पर जोर।
-
रविवार – आपकी पाती: बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दिखाया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सामाजिक सरोकारों और सांस्कृतिक विरासत को गीत-संगीत और विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए सामने लाया जाएगा।