उत्तर प्रदेश में युवाओं के नए आइडिया और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई यूपी राइज पहल के तहत लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थकेयर, सुरक्षा, कृषि, जल गुणवत्ता, रियल एस्टेट और पारंपरिक शिल्प जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े अपने नवाचार और कारोबारी मॉडल पेश किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपने आइडिया को सिर्फ प्रोजेक्ट तक सीमित रखने के बजाय उन्हें एक संभावित बिजनेस मॉडल के रूप में विकसित करने का अवसर देना है। कार्यक्रम में शॉर्टलिस्ट किए गए कई प्रोजेक्ट्स ने तकनीक के जरिए रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान तलाशने की कोशिश की। कार्यक्रम में ध्रुव एक्स स्काईशील्ड ने AI आधारित पोर्टेबल ड्रोन रोधी रक्षा तंत्र पेश किया। वहीं निदानवाणी ने हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म, मेरिडियन ने स्मार्ट पहनने योग्य मुद्रा निगरानी तंत्र और संवेदना ने AI आधारित मानसिक स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म प्रस्तुत किया।
स्कैनविडेंस ने डॉक्टरों के लिए मरीजों के डेटा का विश्लेषण करने और बीमारी की पहचान में मदद करने वाला मेडिकल प्लेटफॉर्म तैयार किया। इसके अलावा जियोक्वेरी लैब ने संपत्ति से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने वाला समाधान पेश किया। वहीं इनोवेट8एक्स ने AI आधारित निगरानी और सुरक्षा तंत्र, शिल्पसेतु ने कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जोड़ने वाला डिजिटल मार्केटप्लेस और एग्रीक्यू ने सटीक कृषि के लिए ऑटोमेटेड सिस्टम प्रस्तुत किया।प्रतियोगिता में इनोवेट8एक्स की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम में रमिश अदील, मुस्कान, फराज नदीम, लैबा रहमान, रेहान शेख और फैजान-ए-रजा शामिल रहे।
स्कैनविडेंस दूसरे स्थान पर रहा। इसकी टीम में अनस खालिद, अब्दुल मलिक, अली हसन, अलीना फारूकी, अब्दुल रहमान और साहेर जहरा शामिल हैं। वहीं मेरिडियन की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। टीम में इमामा बिन्त अनवर, अरिशा खानम, अब्दुल्ला अशरफ अली, मोहम्मद सायम अशरफ, एमडी मामूनुर रशीद और हसन अब्बास नियाजी शामिल रहे।
छात्रों के प्रोजेक्ट और प्रस्तुतियों का मूल्यांकन हर्षित देसाई, सिमरन साहनी, पूनम खंडेलवाल और हर्षवर्धन जवेरी ने किया। विशेषज्ञों ने छात्रों के आइडिया, उनकी उपयोगिता और संभावित कारोबारी मॉडल के आधार पर प्रस्तुतियों को परखा। यूपी राइज के जरिए छात्रों को अपने नवाचारों को विशेषज्ञों के सामने पेश करने और उन्हें आगे बिजनेस मॉडल के रूप में विकसित करने का अवसर मिल रहा है। चयनित छात्रों को बुकमायशो में प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा। युवाओं के नए आइडिया को बढ़ावा देने के लिए यूपी राइज का अगला कार्यक्रम लखनऊ विश्वविद्यालय में भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक छात्रों को नवाचार और उद्यमिता के लिए मंच उपलब्ध कराना है।