Breaking News

यूपी: योगी सरकार ने 10वां बजट किया पेश     |   यूपी: योगी सरकार ने 10वां बजट किया पेश     |   नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज 12 बजे लोकसभा में बोल सकते हैं     |   सरकार ने आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए 'वंदे मातरम्' गीत किया अनिवार्य     |   टी20 वर्ल्ड कप से पहले अभिषेक शर्मा की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती     |  

UP Budget 2026: यूपी सरकार का बजट पेश, 2025-2026 में प्रति व्यक्ति आय 1.20 लाख होने का अनुमान

उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना अपनी सीट पर बैठ गए हैं। वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना ने बजट भाषण पढ़ना शुरू कर दिया है। ये बजट कुल 9 लाख करोड़ का बताया जा रहा है। वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना ने कहा कि यूपी में प्रति व्‍यक्ति आय में बढ़ोत्‍तरी हुई है। गेहूं और आलू उत्‍पादन में उत्तर प्रदेश नंबर वन है। यूपी में निवेश तेजी से बढ़ रहा है। यूपी में छह करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। हम यूपी में डाटा सेंटर बनाएंगे।

यूपी के वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना ने कहा कि कृषि उत्‍पादन में यूपी नंबर वन है। युवाओं को रोजगार के लिए ट्रेनिंग देंगे। यूपी में एग्री एक्‍सपोर्ट हब बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लगभग 62 किसानों को फायदा पहुंचा। हमारी सरकार ने रिकॉर्ड गन्‍ना भुगतान किया है। सुरेश खन्‍ना ने कहा कि 2025-2026 में यूपी में प्रति व्यक्ति आय 1.20 लाख होने का अनुमान है। 9 लाख से ज्‍यादा युवाओं को प्रशिक्षत किया गया। 5 लाख से ज्‍यादा युवाओं को विभिन्‍न कंपिनयों में नौकरी दिलाई गई। बेरोजगारी दर 2.2 प्रतिशत कमी आई है। 

पिछले बजट की तुलना में इस बार 12 प्रतिशत बढ़ोत्‍तरी

यूपी का इस बार का बजट का आकार 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपए का है। पिछले बजट की तुलना में 12 प्रतिशत बढ़ोत्‍तरी हुई है। यूपी में अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं जिनसे लगभग 10 लाख रोजगार का सृजन सम्भावित है। अब तक लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश की लगभग 16 हजार से अधिक परियोजनाओं के 4 ग्राउंड ब्रेकिग समारोह सम्पन्न हो चुके हैं।

उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केन्द्र है। देश के कुल मोबाइल फोन उत्पादन का 65 प्रतिशत उत्पादन प्रदेश में होता है। भारत की 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कम्पोनेन्ट्स इकाइयां प्रदेश में स्थित हैं। प्रदेश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।उद्योग और तकनीक में निवेश के साथ ही प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा देने हेतु किए गए प्रयासों के फलस्वरूप उत्तर प्रदेश राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर स्टार्ट अप रैंकिंग में लीडर श्रेणी की रैंकिंग हासिल हुई है।