मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस के मौके पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान को कमजोर करने का काम किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति के पास नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों में है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत की। सीएम योगी और अन्य अतिथियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ भी किया।
3,955 मूर्ति स्थलों का होगा विकास
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के महापुरुषों से जुड़े 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण का काम शुरू होगा।
इन स्थलों पर जरूरत के अनुसार छतरी, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही परिसर में फुलवारी भी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल बाबा साहेब, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के सम्मान से जुड़ी है।
संविधान ने हर वयस्क को दिया मतदान का अधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान देश के 145 करोड़ नागरिकों का गौरव है। संविधान लागू होने के पहले दिन से ही हर वयस्क नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मतदान का अधिकार मिला।
उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में लिखे 'हम भारत के लोग' शब्द बताते हैं कि देश की असली ताकत उसके नागरिक हैं। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
कांग्रेस और सपा पर सीएम योगी का हमला
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए प्रयास किए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाया था, जिसे भाजपा सरकार ने दोबारा बहाल किया।
सीएम योगी ने महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक और मेडिकल कॉलेज तथा राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने, भर्ती में गड़बड़ी, पेपर लीक और गरीबों को योजनाओं से वंचित रखने के आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज ही विकास का आधार है।
26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की शुरुआत
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की।
उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारत की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े चित्र शामिल हैं। संविधान सभा के 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे, जबकि 15 महिला सदस्यों में से छह प्रदेश की थीं।
कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी: केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा को पहले 26 नवंबर 1949 की याद नहीं आती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी है।
मौर्य ने कहा कि सपा सरकार के दौरान आजम खान ने बाबा साहेब को भूमाफिया कहा था, लेकिन उस समय अखिलेश यादव मुस्कुराते रहे। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।
बाबा साहेब के विचारों पर चलने की जरूरत: ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कई राजनीतिक दल बाबा साहेब का नाम लेते हैं, लेकिन उनके विचारों पर अमल नहीं करते। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया। पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता और वोट बैंक के लिए संविधान में बदलाव किए, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने देशहित में संशोधन किए।
आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने देश को जेलखाना बनाया: सुरेश खन्ना
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि संविधान की किताब लेकर चलने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल लगाकर प्रेस की स्वतंत्रता पर रोक लगाई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और ब्याज के दिया जा रहा है।
प्रतिमाओं के संरक्षण के लिए सरकार की पहल
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमाओं को अंबेडकर तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन स्थलों पर सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि संत रविदास, कबीरदास और ज्योतिबा फुले सहित अन्य महापुरुषों के स्थलों का संरक्षण किया जाएगा। साथ ही गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की योजना पर भी काम हो रहा है।
प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान से हुई। मुख्यमंत्री और अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान संविधान दिवस पर बनी लघु फिल्म भी दिखाई गई।
संविधान के मूल्यों पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में नवयुग कन्या इंटर कॉलेज की सगुण श्रीवास्तव प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बीकेटी की फायजा द्वितीय और तालीम गाहे निस्वा इंटर कॉलेज की तूबा अनीस तृतीय रहीं।
निबंध प्रतियोगिता में बाल निकुंज इंटर कॉलेज की दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राजकीय हाईस्कूल खंतारी के राज तृतीय स्थान पर रहे। मुख्यमंत्री ने सभी छह विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना और असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण सहित कई अधिकारी और अतिथि मौजूद रहे।